छत्तीसगढ़

धमतरी में उत्साह के साथ धान खरीदी का आगाज, पहले ही दिन 2,629 मीट्रिक टन धान की खरीदी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने और धान खरीदी की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की उत्साहजनक शुरुआत हुई है। खरीदी के पहले ही दिन जिले के 688 किसानों से 2 हजार 629 मीट्रिक टन अर्थात 26 हजार 290 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया। किसानों की सक्रिय भागीदारी से उपार्जन केंद्रों में पहले दिन से ही चहल-पहल दिखाई दी।

राज्य सरकार की किसान हितैषी महत्वपूर्ण निर्णय से किसानों में खुशी है। अब निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एकसमान 13 हजार 839 रुपए की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।

धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही किसानों में अपनी उपज बेचने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। पहले दिन जिले के 102 उपार्जन केंद्रों में 688 किसानों ने टोकन के माध्यम से धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन किसानों से धान का उपार्जन किया गया। प्रशासन द्वारा किसानों को खरीदी केंद्रों में अनावश्यक प्रतीक्षा और परेशानियों से बचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

धान खरीदी के दूसरे दिन 16 नवंबर के लिए किसानों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। जिले में 1 हजार 15 किसानों ने अपनी उपज बेचने के लिए टोकन प्राप्त किए हैं। इन किसानों से कुल 3 हजार 670.78 मीट्रिक टन अर्थात 36 हजार 707.80 क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित है। पहले दिन की तुलना में दूसरे दिन टोकन प्राप्त करने वाले किसानों की संख्या में लगभग 48 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह वृद्धि किसानों की बढ़ती भागीदारी और खरीदी प्रक्रिया के प्रति उत्साह को प्रदर्शित करती है।

धमतरी जिले में इस खरीफ विपणन वर्ष के लिए कुल 1 लाख 31 हजार 491 किसानों का पंजीयन किया गया है। इन किसानों की कुल पंजीकृत भूमि का रकबा 1 लाख 30 हजार 659 हेक्टेयर है, जबकि धान का पंजीकृत रकबा 1 लाख 22 हजार 58 हेक्टेयर है। इतनी बड़ी संख्या में किसानों की उपज का सुव्यवस्थित उपार्जन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों में आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।