छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ कांग्रेस को बड़ा झटका... महंत रामसुंदर दास ने दिया पार्टी से इस्तीफा

रायपुर। विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस में विरोध और नाराजगी देखी जा रही है। 14 दिसंबर को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महंत रामसुंदर दास ने पार्टी की प्राथमिक सदस्‍यता से इस्‍तीफा दे दिया है। उन्हें पार्टी ने इस बार रायपुर दक्षिण सीट से प्रत्‍याशी बनाया था। महंत रामसुंदर दास भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल से चुनाव हार गए। उन्होंने हार की नैतिक जिम्‍मेदारी लेते हुए पार्टी से इस्‍तीफा दे दिया है।

महंत रामसुंदर दास जांजगीर-चांपा स्थित शिवरीनारायण मंदिर के मठाधीश है। रायपुर के ऐतिहासिक दूधाधारी मठ में उन्होंने बाल्यकाल से ही रहकर पढ़ाई की थी। यहां के महंत वैष्णव दास के देहांत के बाद मठ के उतराधिकारी बने। 2003 में पामगढ़ विधानसभा से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। फिर 2008 में जैजैपुर विधानसभा से दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए।

इस बार भी महंत रामसुंदर दास जांजगीर-चांपा जिला की किसी सीट से चुनाव लड़ना चाह रहे थे, लेकिन पार्टी ने उन्‍हें रायपुर दक्षिण सीट से प्रत्‍याशी बना दिया। इसको लेकर महंत रामसुंदर दास ने पार्टी फोरम में अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई, लेकिन पार्टी का आदेश मानते हुए उन्‍होंने चुनाव लड़ा।