छत्तीसगढ़

दिल्ली से दोपहर बाद लौटेंगे साय... जल्द हो सकता है विभागों का बंटवारा.. धान का बोनस वितरण कल

रायपुर। दिल्ली दौरे पर गए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार दोपहर बाद रायपुर लौट आएंगे। सीएम सचिवालय से जारी शेड्यूल के अनुसार वे 11.55 को दिल्ली से रवाना होकर दोपहर 1.40 को रायपुर पहुंच जाएंगे। मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद विभागों के बंटावारे को लेकर अभी भी संशय बरकरार है। ऐसा माना जा रहा है कि साय के दिल्ली से लौटते ही मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर दिया जाएगा। वहीं 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की जयंती पर सुशासन दिवस पर मुख्यमंत्री किसानों को 2 साल के बकाया बोनस का वितरण करेंगे।

बतादें कि मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के बाद यह उनका पहला बड़ा कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सुशासन दिवस के अवसर पर राज्य के किसानों को खरीफ विपणन वर्ष 2014-15 एवं वर्ष 2015-16 की बकाया धान की बोनस राशि 3716 करोड़ 38 लाख 96 हजार रूपए का भुगतान किया जाएगा। धान उत्पादन करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने अपने अनुपूरक बजट में धान उत्पादन पर प्रोत्साहन योजना के लिए राशि का प्रावधान भी किया है। 

बता दें कि इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव व विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, बीजेपी अध्य्क्ष जेपी नड्डा से दिल्ली में मुलाकात किए। सभी नेताओं से मुलाकात के दौरान छग प्रदेश के विकास सहित पार्टी के कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।