छत्तीसगढ़

अटल बिहारी वाजपेयी विवि के ’कुल उत्सव’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री... बोले देश के लिए अटल जी का योगदान स्मरणीय

रायपुर।  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर के अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित छठवें कुल उत्सव समारोह में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने  विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की याद में बनाए गए शहीद स्मारक पर भी पुष्पाजंलि अर्पित कर सेनानियों को नमन किया।

मुख्यमंत्री साय ने अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन बहुत विशेष है, आज पूरे प्रदेश में सुशासन दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। अटल जी सच्चे जननायक थे। सभी वर्गां में उनकी समान रूप से स्वीकार्यता थी। वे युगपुरूष थे। जटिल विषयों पर भी वे देशहित में त्वरित निर्णय लेते थे। देश के लिए अटल जी का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित छत्तीसगढ़ी खेलकूद एवं संस्कृति पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका कन्हारके नये अंक सहित विभिन्न प्रकाशनों का विमोचन भी किया। श्री साय ने धनवंतरी प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र, विश्वविद्यालय के प्रमुख मार्ग ज्ञानपथ सहित विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए शहीद वीर नारायण सिंह व्यायाम शाला का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, धरमजीत सिंह, सहित कुलपति आचार्य अरूण दीवाकर नाथ वाजपेयी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।