टोनही बताकर महिला को गर्म हसिए से जलाया... पुलिस ने बैगा सहित 7 को किया गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक महिला को टोनही बताकर गर्म हसिए से जलाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर पुलिस महिला के घर पहुंची लेकिन वह घटना के बाद से खौफ में थी। काउसिलिंग और परिवारवालों के खुलासे बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर 2 बैगा सहित एक ही परिवार के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक मस्तूरी क्षेत्र में भूरी बाई का परिवार निवास करता है। बुजुर्ग महिला के बेटे ने 12 जनवरी को मस्तूरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था। रिपोर्ट में उसने बताया कि उसके गांव के केजउ राठौर और उसके परिवार लोगों ने बैगा के साथ मिलकर उसकी मां को टोनही बताकर गर्म सलाखों से जलाकर मारने की कोशिश की है। एसपी संतोष सिंह ने बताया कि घटना काफी गंभीर और अंधविश्वास से जुड़ा था। लिहाजा उन्होंने तत्काल टीम गठित कर मामले की सूक्ष्मता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई का निर्देश दिया था।
एसपी के निर्देश के बाद पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़ित महिला का बयान दर्ज करने का प्रयास किया गया। लेकिन इस घटना से खौफ में आई महिला पहले तो घर में कुकर फटने की बात कहकर इस घटना का खुलासा करने से डरती रही। लेकिन पुलिस की काउंसलिंग और भरोसा दिलाये जाने के बाद हकीकत सामने आया। इस खुलासे के बाद पुलिस टीम ने पीड़ित महिला के साथ घटना को अंजाम देेने वाल केजउ राठौर व उसके परिवार वालों के खिलाफ हत्या का प्रयास और टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने केजऊ राठौर और उसके परिवार वालों को कोरबा से गिरफ्तार किया। वहीं दो बैगा का जांजगीर चांपा से गिरफ्तार किया गया। अंधविश्वास और हत्या के प्रयास के इस सनसनीखेज मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने इस घटना में शामिल दोनों बैगा सहित एक ही परिवार के 5 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।