लोकसभा चुनाव के पहले बीजापुर में नक्सली मुठभेड़... जवानों ने चार नक्सलियों को मार गिराया
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में जवानों ने चार नक्सलियों को मार गिराया। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की ओऱ भाग निकले। फायरिंग रुकने के बाद जवानों ने मौके पर सर्चिंग की। फायरिंग रुपके के बाद जवानों ने मारे गए नक्सलियों के शव समेत एके-47, एलएमजी जैसे ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए हैं।
आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी ने बताया कि फिलहाल जवान मौके पर ही मौजूद हैं। इलाके में सर्चिग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस घटना के साथ, इस साल अब तक बीजापुर समेत सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में अलग-अलग मुठभेड़ों में 37 नक्सली मारे गए हैं। बीजापुर जिला बस्तर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि कोरचोली और लेंड्रा के जंगल में भारी संख्या में गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सली मौजूद हैं। सूचना पर बीजापुर से डीआरजी, सीआरपीएफ, कोबरा, बस्तर फाइटर्स, बस्तरिया बटालियन और सीएएफ के जवानों को सोमवार रात संयुक्त ऑपरेशन पर निकाला गया था और आज सुबह जवान नक्सलियों के कोर इलाके में पहुंचे जहां नक्सलियों से उनकी मुठभेड़़ हो गई। दोनों तरफ से करीब 45-50 मिनट तक गोलीबारी हुई। हालांकि, जंगल की आड़ लेकर नक्सली भागने में कामयाब हो गए। जब मुठभेड़ रुकी, तो जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया जिसमें 4 नक्सलियों के शवों को बरामद किया गया है। मौके से भारी मात्रा में हथियार समेत अन्य सामान मिला है।