नक्सलियों की सूचना देने पर छत्तीसगढ़ में यहां मिलेगी सरकारी नौकरी और पांच लाख का इनाम
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर में माओवादियों के खिलाफ हो रही ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अब कबीरधाम (कवर्धा) पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। बस्तर में फोर्स के दबाव के बाद बैकफुट पर चल रहे नक्सली अब अपना नया ठिकाना ढूंढ रहे हैं। नक्सली छत्तीसगढ़ के बॉर्डर से लगे महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के इलाकों में पहुंच सकते हैं। इस भनक के बाद कबीरधाम पुलिस एक्शन मोड पर है। नक्सलियों को दबोचने एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बड़ी घोषणा की है। सूचना देने वालों को 5 लाख रुपये का इनाम और पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ का कबीरधाम जिला नक्सलियों के MMC (मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़) जोन के बॉर्डर पर पड़ता है। खैरागढ़ की चुनावी सभा में गृहमंत्री अमित शाह ने भी छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के सफाए का ऐलान कर दिया है। अब इस बीच कबीरधाम पुलिस ने भी बड़ी पहल करते हुए नक्सलियों की सूचना देने वालों को 5 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने जिले के नक्सल प्रभावित बॉर्डर के गांवों में रहने वाले लगभग 35 हजार लोगों के मोबाइल पर इससे संबंधित मैसेज भी पुलिस भेजा है, जिसमें ये कहा गया है कि नक्सलियों की सूचना देने, सरेंडर करवाने और एनकांउटर में नक्सली के मारे जाने पर सूचना देने वाले को 5 लाख रुपये का इनाम तुरंत दिया जाएगा। साथ ही पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। पुलिस द्वारा बॉर्डर और जंगल के अंदर बसे गांवों में पोस्टर भी चस्पा किए जा रहे हैं।
*कबीरधाम पुलिस की नक्सल खात्मा के लिए अभिनव पहल*
— ABHISHEK PALLAVA (@PallavaAbhishek) April 15, 2024
*सूचना दो इनाम पाओ*
किसी भी व्यक्ति के द्वारा नक्सलियों को पकड़वाया जाएगा या सूचना देने पर मुठभेड़ में नक्सली मारा जाए तो सूचनाकर्ता को कबीरधाम पुलिस की ओर से 5 लाख रुपये तुरंत नगद ईनाम एवं पुलिस की शासकीय नौकरी दी जाएगी। pic.twitter.com/6uZ8NBzSzA
कबीरधाम SP डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि किसी भी व्यक्ति के द्वारा नक्सलियों को पकड़वाया जाएगा या सूचना देने पर मुठभेड़ में नक्सली मारा जाएगा तो सूचनाकर्ता को कबीरधाम पुलिस की ओर से 5 लाख रुपये तुरंत नकद इनाम और पुलिस की शासकीय नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले को नक्सल मुक्त बनाने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सूचना देने वालों का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इस घोषणा का ग्रामीणों की तरफ से अच्छा रिस्पॉन्स भी मिल रहा है। बॉर्डर इलाकों पर कैंप खोले जा रहे हैं। बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई के बाद नक्सली नए ठिकानें खोज रहे हैं। अभी जिले में 17 इनामी नक्सली हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।