लोकसभा चुनाव 2024: छत्तीसगढ़ में58.14 और मध्य प्रदेश में 53.40 फीसद मतदान
रायपुर। देशभर में आज लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान की शुरू हो गया। आज यानी 19 अप्रैल को देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हुआ। पहले चरण में छत्तीसगढ़ की बस्तर सीट के लिए मतदान हुआ। बस्तर में कुल 58.14 फीसद मतदान हुआ। वहीं मध्य प्रदेश की छह सीटों पर दोपहर तीन बजे तक मतदान का प्रतिशत 53.40 रहा।
बतादें कि लोकसभा चुनाव सात चरणों में आयोजित किए जाएंगे, जो 19 अप्रैल से शुरू हो गए। इसके बाद दूसरे चरण के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा। फिर 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 जून को होगी. आइये जानते हैं, आज 21 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों की किन सीटों पर वोटिंग होने वाली है।
छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले नियंत्रण कक्ष के माध्यम से बस्तरकी चुनावी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि बस्तर लोकसभा क्षेत्र में 1961 मतदान केंद्रों में से 811 मतदान केंद्रों में वेबकास्टिंग के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने कहा है कि मध्यप्रदेश लोकसभा चुनाव-2024 के प्रथम चरण में प्रदेश के छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। सिर्फ बालाघाट जिले के 3 विधानसभा क्षेत्रों- बैहर, लांजी, एवं परसवाड़ा के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक ही मतदान कराया जायेगा।
राजन ने बताया कि सभी छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में दोपहर 3 बजे तक 44.43 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने बताया कि लोकसभा क्षेत्र क्र.-11 सीधी में 40.60 प्रतिशत, क्र.-12 शहडोल में 48.64 प्रतिशत, क्र.-13 जबलपुर में 48.05 प्रतिशत, क्र.-14 मंडला में 58.28 प्रतिशत, क्र.-15 बालाघाट में 63.69 प्रतिशत, क्र.-16 छिंदवाड़ा में 62.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि बालाघाट लोकसभा क्षेत्र के नक्सल प्रभावित मतदान केन्द्र दुगलई में शत-प्रतिशत मतदान हुआ है। यहां सभी 80 मतदाताओं ने वोट डाले हैं।