महुआ बिनने गए मां- बेटे पर हाथी ने किया हमला... बुजुर्ग महिला की मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के तामोर पिंगला में जंगल में एक महिला रोज की तरह महुआ बिनने के लिए गई, तभी अचानक हाथी ने आकर महिला को कुचल दिया। महिला महुआ बिनने के लिए अपने बेटे के साथ वहां गई थी। मां को कुचलने के बाद हाथी बेटे की तरफ भी बढ़ा, लेकिन बेटे ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
प्रतापपुर से सटा हुआ एक तमोर पिंगला जंगल है। यह कुदरू घाट में है। मृतक महिला सरना गांव की थी। उसका नाम प्रभावती कुशवाहा है। रोज की तरह वह महुआ बिनकर वापस आ रही थी। तकरीबन दोपहर के 12 बजे दोनों वापस आ रहे थे तभी मां बेटे ने सामने एक बड़ा आ गया। दोनों ने ही वहां से भागने की कोशिश की, ताकि वह हाथी के हमले से बच सकें। हाथी ने महिला को सूंड से लपेटा और उठाकर पटक दिया। महिला ने कोशिश की लेकिन जैसे ही वह उठती उसके पहले ही हाथी ने उसे कुचल दिया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हाथी बेटे पर हमले करने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन उसने भागकर अपनी जान बचा ली।
छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्र के आस-पास के गांवों में अक्सर जंगली हाथी घुस जाते हैं। इस दौरान खेतों में लगी फसलों को तो नुकसान पहुंचाते ही हैं और घर को भी नुकसान पहुंचाते हैं। गांव वाले हाथी या जंगली जानवरों से होने वाली इस तरह की घटनाओं से बहुत परेशान रहते हैं।