छत्तीसगढ़

घर से निकलने वाली थी बारात.. स्वागत करने पहुंची पुलिस.. मंडप की जगह पहुंचा ‘ससुराल’

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक के दुल्हा बनने के अरमान पर उसकी गर्लफ्रेंड ने पानी फेर दिया।  बताया जा रहा है कि प्रेमिका को अंधेरे में रखकर बारात लेकर जाने की तैयारी कर रहे दूल्हे राजा को शादी से ठीक पहले पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि लड़के ने अपनी प्रेमिका से शादी का झांसा देकर ना केवल उसका दैहिक शोषण किया, बल्कि प्रेग्नेंट होने पर उसका गर्भपात भी कराया था।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि सक्ती निवासी नन्द लाल निषाद कोरबा में रहकर मैकेनिक का काम करता है। दो साल पहले मोहल्ले में रहने वाली लड़की से उसकी पहचान हुई थी। इसके बाद वॉट्सअप पर बातचीत करते-करते दोस्ती प्यार में बदल गया। पिछले दो साल से वह लड़की के साथ शादी का झांसा देकर उसका दैहिक शोषण कर रहा था। इसी बीच घरवालों के कहने पर नन्दलाल दूसरी लड़की से शादी के लिए तैयार हो गया था। शनिवार को उसकी बारात निकलने वाली थी।

तभी नंदलाल की प्रेमिकी की शिकायत पर पुलिस की टीम उसके घर पहुंच गई। हल्दी की रस्म के बीच दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित युवती ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ शादी का वादा किया था। लेकिन उसे अंधेरे में रखकर चोरी चुपके शादी करने चला था। उसके दोस्तों के माध्यम से उसे जब इस बात की जानकारी हुई, तो उसने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की थी। पीड़िता ने ये भी आरोप लगाया कि नंदलाल द्वारा उसे दो बार प्रेग्नेंट होने के बाद दवा खिलाकर उसका गर्भपात भी कराया गया। सिविल लाइन थाना में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को बारात निकलने से ठीक पहले गिरफ्तार कर लिया है।