छत्तीसगढ़

योग की आवश्यकता को आज विश्व के सभी देशों ने अंगीकार कियाः सांसद विजय बघेल

रायपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा सेक्टर-2 स्थित राजेश पटेल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मास के अवसर पर विशाल योग उत्सव  कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 5  से ही स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में श्वेत वस्त्र धारी ब्रह्मा वत्सो का आगमन प्रारंभ हो गया। देखते ही देखते पूरा स्पोर्ट्स कंपलेक्स श्वेत वस्त्र धारी फरिश्तों से भर गया|

भिलाई सेवा केन्द्रों  की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने अपने प्रेरणादाई आशीर्वचन में बताया की इस योग मास में योग शक्ति के प्रयोग द्वारा स्वयं के जीवन से बीती बातों को भूलकर जीवन में नए संस्कार धारण करने हैं। हमारा जीवन व्यर्थ निगेटिव वाई-क्यों की बातों के बजाय ख़ुशी उमंग उत्साह फ्लाई (उड़ना अर्थात हल्का रहना) के रूप में चले अर्थात जीवन में नो वाई (क्यों) ओनली फ्लाई।

आशा दीदी जी ने इस विशाल योग उत्सव आयोजन का लक्ष्य बताते हुए कहा कि राजयोग द्वारा परम योगेश्वर परमात्मा से हमें घृणा, क्रोध, ईर्ष्या, द्वेष अवगुणों को योग की शक्ति से अपना जीवन परिवर्तन कर सुख शांति से सम्पन्न बनाना है|

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नवनिर्वाचित सांसद विजय बघेल ने ब्रह्माकुमारिज़ संस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था विगत 88 वर्षों से हजारों समर्पित ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा पूरे विश्व में निशुल्क राजयोग सीखा कर जीवन में योग के महत्व को बता रही है। योग की आवश्यकता को आज विश्व के सभी देशों ने अंगीकार किया है|

योग उत्सव कार्यक्रम में “पॉउज फॉर इनर पीस” प्रोजेक्ट का उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर विधिवत शुभारंभ किया। वरिष्ट राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी प्राची दीदी ने “पॉउज फॉर इनर पीस” “आंतरिक शांति के लिए रुके”  प्रोजेक्ट के बारे में बताया की यह प्रोजेक्ट योग मास में ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा सभी संस्थानों में तीन दिन तक चलेगा, जिसमे दैनिक दिनचर्या की समस्याओं के समाधान के लिए 20 मिनट शक्तिशाली राजयोग कॉमेंट्री का अभ्यास कराया जाएगा।