‘एक केंद्र, एक दीया’... और दीपों से रोशन हुआ महाराष्ट्र मंडल
2024-11-16 06:34 PM
1108
- महिलाओं ने छत्तीसगढ़ लोकगीतों के साथ मराठी गीतों की दी प्रस्तुति
- अपनी बहू और नाती बहू के साथ पहुंची अतिथि प्रीति चोपड़ा
- एम्स में ईएनटी विभाग की एचओडी ने आयोजन को सराहा

रायपुर। कार्तिक पूर्णिमा के दूसरे दिन महाराष्ट्र मंडल रायपुर की सरोना, कोटा और टाटीबंध महिला केंद्र ने ‘एक केंद्र, एक दीया’ थीम पर दिवाली मिलन का आयोजन किया। हाथों में दीया लेकर महाराष्ट्र मंडल में पहुंची महिलाओं ने दीपों की रोशनी से महाराष्ट्र मंडल को रोशन कर दिया। फिर सिलसिला शुरू हुआ छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति का। दिवाली पर छत्तीसगढ़ में गाये जाने वाले सुआ गीत और नृत्य ने दर्शकदीर्घा में बैठे सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ रायपुर एम्स में ईएनटी विभाग की प्रमुख डा. रेणु राजगुरू और अपनी बहू और नाती बहू के साथ पहुंची वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रीति चोपड़ा ने दीप प्रज्ज्जलन कर दिया। जिसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया गया। चौबे कालोनी महिला केंद्र की महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी परिधान में पारंपरिक सुआ नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं सड्डू-मोवा की टीम ने दिवाली पर लघु नाटिका प्रस्तुत कर पर्व के पांचों दिनों के महत्व को रेखांकित किया।

रोहिणीपुरम केंद्र ने मराठी गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। डंगनिया केंद्र की महिलाओं ने आकर्षक डांडिया प्रस्तुत कर आयोजन में चार चांद लगा दिया। शंकर नगर की टीम ने कविता और रैंपवाक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन जयश्रीढेकने और प्रियंका बोरवनकर ने किया। वहीं आभार प्रदर्शन कीर्ति भिते ने किया।