महाराष्ट्र मंडल के फिजियोथैरेपी सेंटर में हाट पैक, टेंस, आईएफटी और स्ट्रीम्यूलेशन जैसी मशीनों का लाभ ले रहे लोग
रायपुर। आज की भागमभाग जिंदगी में लोग कम उम्र में कमर दर्द, जोडों में दर्द, पीठ में दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव जैसी समस्या से ग्रसित हो रहे है। इन परेशानियों की सीधा संबंध हमारी जीवन शैली से होता है। ऐसी समस्या आने पर ज्यादातर लोग सामान्य पेन किलर लेकर तत्कालिक आराम की तलाश करते है। ऐसा बिल्कुल सही नहीं है। फिजियोथैरेपी उपचार की एक ऐसी पद्धति है, जिसमें आप बिना दवा के काफी हद तक आराम पा सकते है। महाराष्ट्र मंडल रायपुर ने स्वास्थ्य सेवा की ओर अपना कदम आगे बढ़ाते हुए बीते वर्ष जनवरी में भारतीय जीवन बीमा निगम के सहयोग के महराष्ट्र मंडल परिसर में फिजियोथैरेपी सेंटर शुरू किया। आप यहां आकर न्यूनतम फीस पर फिजियोथैरेपी का लाभ ले सकते है। यह फिजियोथैरेपी सेंटर रविवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल भवन ग्राउंड फ्लोर में संचालित हो रहा है।
महाराष्ट्र मंडल के फिजियोथैरेपी सेंटर में सेवाएं दे रही डा. संगीता और डा. अंकिता काळे ने बताया कि पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कई कारण हो सकते हैं। इसमें तनावग्रस्त मांसपेशियों व नसों तक कई कारण हो सकते हैं। पीठ के निचले हिस्से में दर्द किसी गंभीर चोट के कारण भी हो सकता हैं, जैसे कोई बड़ा भार उठाना या मोड़ना। उम्र बढ़ने से अपक्षयी रीढ़ की हड्डी में असामान्यताएं भी होती हैं, जो 30 वर्ष या उससे भी पहले शुरू हो सकती हैं।
फिजियोथैरिपी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ट्रांसक्यूटेनियस इलेक्ट्रिकल न्यूरोमस्कुलर स्टिमुलेशन (टेंस) पीठ के दर्द से राहत देने की अच्छी तकनीक है। इस उपकरण की मदद से पीड़ित व्यक्ति बिना किसी दवा के पीठ दर्द को सफलतापूर्वक खत्म कर सकते हैं। तंत्रिका उत्तेजना के माध्यम से मांसपेशियों की ताकत बढ़ाने में मदद ली जा सकती है, जो शरीर के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। यह दर्द या सूजन वाली मांसपेशियों में रक्त परिसंचरण में सुधार करता है।
मंडल के फिजियोथेरेपी सेंटर में हाट पैक, टेंस, आईएफटी, अल्ट्रासाउंड और स्ट्रीम्यूलेशन जैसे उपकरण उपलब्ध हैं। ये अलग-अलग परेशानियों और तकलीफों के लिए उपयोग किए जाते हैं जैसे हाट पैक मरीजों के लिए काफी लाभकारी होता है। इससे तंग मांसपेशियों को आराम मिलता है। मांसपेशियों में होने वाला ऐंठन और दर्द भी कम होता है। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र मंडल का फिजियोथैरेपी सेंटर न्यूनतम फीस पर अधिकाधिक मरीजों को लाभान्वित करने के लिए संचालित किया जाता है।