वारली आर्ट से सज रहे नवनिर्मित महाराष्ट्र मंडल भवन के पिल्लर
2025-01-04 08:14 PM
677
0- कला एवं संस्कृति समिति के आर्टिसन अजय पोतदार ने भावी चित्रकारों की लगाई कार्यशाला
रायपुर। अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोए नित नवीन प्रयोग करता महाराष्ट्र मंडल इस बार अपने चौबे कालोनी स्थित नवनिर्मित भवन के पार्किंग एरिया में पिल्लरों पर महाराष्ट्र की प्रसिद्ध वारली आर्ट को संजोने में लगा है। कला एवं संस्कृति समिति की टीम आर्टिसन अजय पोतदार के मार्गदर्शन में विभिन्न थीम पर आधारित वारली आर्ट से खूबसूरत पेंटिंग बना रही है। ज्यादातर प्रतिभाओं के लिए वारली आर्ट न केवल नया है, बल्कि अधिकांश चित्रकार पहली बार इसमें हाथ आजमा रहे हैं।

थीम बेस्ड आर्ट
अजय पोतदार ने बताया कि हमने यह काम शुरू करने से पहले ही थीम बेस्ड वारली पेंटिंग करने की पूरी योजना बना ली थी। उसी के अनुसार एक पिल्लर पर महाराष्ट्र मंडल के सभी प्रकल्पों को वारली आर्ट के माध्यम से रेखांकित किया गया है। इसके अलावा किसी पिल्लर पर त्योहार और उत्सव को दिखाया गया हैं, तो कहीं किसी पिल्लर पर ग्रामीण आदिवासी जनजीवन व जत्रा, विवाह जैसे पारंपरिक विधियों को बारीकी से वारली प्रतीकों से उकेरा गया है। जयेश कालेले ने तो आधुनिक युवाओं की पसंदीदा डीजे थीम पर युवाओं को झूमते हुए एक पिल्लर पर जीवंत किया है। एक खंबे पर मानवीय मूल्यों को दर्शाते हुए पर्यावरण व स्वच्छता अभियान को दर्शाकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया है।

पोतदार की क्लास
आर्टिसन अजय पोतदार की वारली आर्ट की क्लास में सोनल फडनवीस, शेखर क्षीरसागर, अनिता लांगे, पल्लवी नाफडे, जयेश कालेले, प्रवीण क्षीरसागर, श्यामल जोशी, सारंग मुकादम जैसे उत्साही युवाओं ने अपर्णा कालेले के साथ महाराष्ट्र मंडल के पार्किंग एरिया में अपनी सुंदर कलात्मक व प्रशंसनीय उपस्थिति दर्ज की है।