महाराष्ट्र मंडल में खेली गई फूलों की होली... रोचक गेम ने समारोह को बनाया मनोरंजक
रायपुर। चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडळ में रविवार को होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कई रोचक खेल आयोजित किए गए। मंडळ के सदस्यों ने जमकर फूलों की होली खेली और होली के गीतों में खूब थिरके। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन के बाद नवरंग फिल्म से गीत अरे जा हट नटखट... गीत की प्रस्तुति के साथ हुई। इस गीत पर जहां रचना ठेंगड़ी और रीना बाबर की जोड़ी ने धमाल मचाया। वहीं देविका देशपांडे ने भी इसी गीत पर एकल प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्घ कर दिया। मंडल की युवा सदस्य श्रावणी मुकादम ने भी शानदार नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उपस्थित सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभी सदस्यों को गुलाल लगाकर किया गया। रंगोत्सव की रोचकता को बनाए रखने के लिए सबसे पहले म्यूजिकल गेम का आयोजन किया गया। सभी के लिए यह खेल नया और रोचक था। खेल को लेकर महिला और पुरुष सभी सदस्यों में उत्साह देखा गया।
महाराष्ट्र मंडल की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने बताया कि गेम में महिला और पुरूष के लिए अलग-अलग खेल था। म्यूजिक बजने के साथ सभी प्रतिभागी यानी महिला और पुरूष अलग-अलग राउंड में घूम रहे थे। म्यूजिक बंद होने के साथ एक नंबर बोला जाता। उसी नंबर के अनुसार प्रतिभागियों को जोड़ी बनानी पड़ती है। जो बच जाता वह गेम से बाहर हो जाता। इस खेल में महिला टीम में प्रथम भारती पसलोदकर और द्वितीय कीर्ति भिते रही। वहीं तीसरे स्थान पर गौरीक्षीरसागर थी। वहीं पुरूष टीम में प्रथम रितेश बाबर, द्वितीय अमोध बाबर और तीसरे स्थान पर विनोद राखुंडे रहे। एक अन्य गेम हाउजी खेला गया। इसमें फूल हाउस में अजय पुराणिक और सृष्टि दंडवते विजेती रही।
गीता दलाल ने बताया कि कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति समिति का खास योगदान रहा। कला एवं संस्कृति समिति की प्रमुख भारती पसलोदकर, अजय पोतदार और अंकिता किरवई ने सभी से लिए म्यूजिकल रैंपवाक की व्यवस्था कराई थी। जिसके शुरूआत मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले और अंजली काळे से की गई। काले दंपती ने गोरे रंग पे ना इतना गुमान कर.... गीत के साथ रैंपवाक किया। जिसके बाद क्रमशः मंडल की पूरी कार्यकारिणी ने एक के बाद एक रैंप वाक किया।
कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में महिलाओं ने फाग फिल्मी गीतों में डांस किया। स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, सुकृत गनोदवाले, विनोद राखुंडे, शिल्पा राखुंडे, मेघा पोतदार, पल्लवी मुकादम ने विशेष सहयोग प्रदान किया।