दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल के स्‍पोर्ट्स क्‍लब में बढ़ रही खिलाड़ियों की रुचि

0- बैडमिंटन, कैरम और शतरंज से शुरू हुए क्‍लब में अब टेबल टेनिस की व्‍यवस्‍था भी 
 
रायपुर। हिंदू नववर्ष- गुड़ीपाड़वा से शुरू हुए महाराष्‍ट्र मंडल के स्‍पोर्ट्स क्‍लब को चंद हफ्तों में ही शानदार प्रतिसाद मिल रहा है। महज तीन खेलों बैडमिंटन, शतरंज और कैरम से शुरू हुए क्‍लब में अब सदस्‍यों के लिए टेबल टेनिस की भी व्‍यवस्‍था की गई है। क्‍लब बनने के बाद से यहां खिलाड़ी सदस्‍यों की संख्‍या लगातार बढ़ते जा रही है।
 
संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने बताया कि स्‍पोर्ट्स क्‍लब का समय प्रतिदिन सुबह- शाम छह से नौ बजे तक निर्धारित है। सुबह ज्‍यादातर खिलाड़ी बैडमिंटन खेलने वाले ही होते हैं। वहीं शाम को बैडमिंटन कोर्ट और टेबल टेनिस खेलने के लिए खिलाड़ियों के बीच बराबर होड़ लगी रहती है। महाराष्‍ट्र मंडल के आजीवन सभासद और उनके नाबालिग परिजन स्‍पोर्ट्स क्‍लब के नियमित सदस्‍य बन सकते हैं। इसके लिए उन्‍हें बकायदा फार्म भरकर क्‍लब की सदस्‍यता लेनी होगी। 
स्‍पोर्ट्स क्‍लब में कैरम खेल रहे एक युवा सदस्‍य ने कहा कि वे 26- 27 अप्रैल को चौबे कॉलोनी स्थि‍त महाराष्‍ट्र मंडल में होने वाली नगर स्‍तरीय कैरम स्‍पर्धा में हमारी यह प्रैक्टिस काम आएगी। बच्‍चों की परीक्षाएं समाप्‍त होते ही और ग्रीष्मकालीन छुट्टियां लगते ही क्‍लब में खिलाड़ियों की संख्‍या बढे़गी। इसमें निश्चित ही कैरम के खिलाड़ी भी होंगे। स्‍पोर्ट्स क्‍लब के अजय पोतदार ने बताया कि बच्‍चों को शतरंज सीखने के लिए अभिभावकों को जरूर भेजना चाहिए, ताकि उनकी बौद्धिक क्षमता बढ़ सके।