एकादशी पर सरोना, रोहिणीपुरम केंद्रों ने किया विष्णु सहस्त्रनाम पाठ
2025-05-10 08:34 AM
358
0- महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति में ऑनलाइन सहित केंद्रों में जगह- जगह हुए विविध आयोजन
0- ऑपरेशन सिंदूर की कमान महिला शक्ति को सौंपने पर महिलाओं ने तालियां बजाकर प्रधानमंत्री मोदी का माना आभार
रायपुर। एकादशी पर महाराष्ट्र मंडल के सरोना और रोहिणीपुरम केंद्रों की महिला सभासदों ने विष्णु सहस्त्रनाम का सामूहिक पाठ किया। इससे पहले मंडल की ही आध्यात्मिक समिति की ओर से सुबह ऑनलाइन ये पाठ किया गया। तीनों ही आयोजनों में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने इसमें हिस्सा लिया।
सरोना केंद्र की श्रद्धालु महिला सभासदों ने एकादशी पर विष्णु सहस्त्रनाम, रामरक्षा स्त्रोत और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। पाठ करने वालों में जयश्री ढेकणे, प्रियंका बोरवणकर, विभा पांडे, नेहा किल्लेदार, सुरेखा पाठक, शुभा गोवर्धन, आरती ठोंबरे, अलका मोडक, रमा धारवाडकर, शांति महाजन, दीप्ति शिलेदार उपस्थित रहीं। सामूहिक पाठ के बाद सभी महिलाओं ने एक साथ महाआरती की और प्रसाद ग्रहण किया।
प्रहलाद जैसी भक्ति हो तो.....
मोहिनी एकादशी पर रोहिणीपुरम केंद्र की महिलाओं ने आरोही भजन मंडली के स्वरूप में शताब्दी पांडे के निवास पर आयोजित श्री नृसिंह नवरात्र के अवसर भजन प्रस्तुत किए। इस मौके पर शताब्दी पांडे ने कहा कि भगवान विष्णु ने हिरण्यकश्यप का वध करने के लिए नृसिंह रूप धारण कर किया था। दुष्ट हिरण्यकश्यप के बढ़ते अत्याचार को समाप्त करने के लिए भगवान विष्णु ने नृसिंह का रूप धारण कर प्रहलाद को अभयदान दिया था। शताब्दी के अनुसार भक्त प्रहलाद की तरह भक्ति होने पर भगवान स्वयं भक्त की रक्षा करते हैं और आतताई का वध करते हैं। यह विश्वास प्रत्येक भक्त के हृदय में नृसिंह अवतार को लेकर है। आवश्यकता है प्रहलाद की तरह भक्ति की।
इस अवसर पर महिलाओं ने भगवान विष्णु, कृष्ण, राम, देवी, नृसिंह के भजन प्रस्तुत किए। भजन प्रस्तुत करने वालों में श्यामल जोशी, शताब्दी पांडे, अलका कुलकर्णी, अपर्णा जोशी, साधना बैहरट, चित्रा बल्की, प्राची गनोदवाले, राजश्री वैद्य सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं। डीएसपी माया मैडम ने भी सुमधुर भजन प्रस्तुत किए।
मोदी ने मातृशक्ति पर जताया भरोसा
आरोही भजन मंडल की महिलाओं ने पाकिस्तान के खिलाफ जारी ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा करते हुए भारत माता की जय के नारे लगाए। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीनों सेनाओं की ओर से जारी कार्रवाई के समर्थन में तालियां बजाकर समर्थन किया। महिलाओं ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की कमान महिलाओं के हाथों में सौंपकर प्रधानमंत्री मोदी ने मातृशक्ति पर विश्वास जताया है। डीएसपी माया मैडम ने कहा कि इसका परिणाम सरकारी कार्यालयों में कार्य करने वाली अधिकारियों- कर्मचारियों के मान- सम्मान पर भी पड़ेगा। अब महिलाओं के प्रति नज़रिए में भी बदलाव आएगा।