दिव्य महाराष्ट्र मंडल

लोकार्पण के लिए तैयार महाराष्ट्र मंडळ का नवीन भवन... सीएम भूपेश के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को होगा संपन्न... अध्यक्षता करेंगे सांसद सुनील सोनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में विगत 88 वर्षों से अनवरत क्रियाशील सामाजिक संस्थान महाराष्ट्र मंडळ का नया भवन अपनी पुरानी जगह पर ही बनकर तैयार हो चुका है। इस नवनिर्मित भवन का लोकार्पण शनिवार 1 अप्रैल, 2023 को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करने वाले हैं। इस गरिमामयी कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की स्वीकृति महाराष्ट्र मंडळ कार्यकारिणी को प्राप्त हो गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सामाजिक संस्थान महाराष्ट्र मंडळ के न्यूज वेब पोर्टल ’दिव्य महाराष्ट्र मंडळ’ और फिजियोथेरेपी सेंटर को भी लॉंच करेंगे। 
 

महाराष्ट्र मंडळ के अध्यक्ष अजय काळे ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विगत 88 सालों से महाराष्ट्र मंडळ लगातार सेवाभाव से समर्पित होकर कार्य कर रहा है। महाराष्ट्र मंडळ ने वक्त के साथ खुद को बदला है, लेकिन सामाजिकता और संस्कृति को हमेशा सहेज कर रखा है। इसी का परिणाम है कि महाराष्ट्र भवन वर्तमान समय के मुताबिक एक नए कलेवर में नजर आ रहा है। मंडळ के अध्यक्ष अजय काळे ने बताया कि कोरोना काल की वजह से भवन निर्माण में कुछ विलंब हो गया, लेकिन अब नई साज सज्जा के साथ भवन नए अवतार में तैयार हो चुका है, जिसका लोकार्पण 1 अप्रैल, 2023 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों संपन्न होगा। 

महाराष्ट्र मंडळ के सचिव चेतन दंडवते ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि 1 अप्रैल, 2023 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों नवनिर्मित भवन का लोकार्पण सुबह 11 बजे निर्धारित है। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर लोकसभा सांसद सुनील सोनी करेंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर रायपुर दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक विकास उपाध्याय, रायपुर के महापौर एजाज ढ़ेबर और रायपुर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे उपस्थित होंगे। इसके बाद नवनिर्मित भवन में महाराष्ट्र मंडळ द्वारा 2 और 3 अप्रैल को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 2 अप्रैल को सुबह 10 बजे व्यापार मेले का उद्घाटन होगा। इसके बाद सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक रायपुर के सभी समाज के लिए ’रायपुर के विकास में सामाजिक संस्थानों की भूमिका’ पर परिचर्चा का आयोजन किया गया है। दोपहर 1 से 2 बजे भोजन अवकाश होगा, इसके बाद दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक छत्तीसगढ़ के मराठी संस्थानों की भूमिका पर परिचर्चा होगी। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में संचालित महाराष्ट्र मंडळ के प्रतिनिधियों की सहभागिता होगी।  

उन्होंने बताया कि शाम 5 बजे से 8 बजे तक विभिन्न संस्थानों की एक-एक सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी, जिसके बाद 8 से 9 बजे तक भोजन कार्यक्रम होगा। वहीं 3 अप्रैल को दोपहर 3 बजे समापन समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें मराठी विभूति सन्मान और अंत में रात्रि भोजन का आयोजन किया गया है।