दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल की वार्षिक सामान्‍य सभा एक जून को

0- सचिव चेतन दंडवते पिछले वित्‍तीय वर्ष का लेखा- जोखा पेश करने के साथ ही भावी योजनाओं की देंगे जानकारी

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल की वार्षिक सामान्‍य सभा चौबे कॉलोनी स्थित मंडल भवन में एक जून को सुबह 10 बजे होगी। इस आशय की सूचना के साथ सभासदों के घरों तक वार्षिक आहवाल भिजवाने का काम तेजी से जारी है। मंडल के आठवीं बार अध्‍यक्ष बने अजय मधुकर काले के दो वर्षीय कार्यकाल का अभी एक साल हुआ है। उसी बीते साल के आय-व्‍यय के ब्‍योरे के साथ मंडल की भावी गतिविधियों, कार्यक्रमों और योजनाओं की भी सभासदों से चर्चा की जाएगी। 31 मार्च 2026 को कार्यकाल पूरा होने के बाद महाराष्‍ट्र मंडल में साल 2026- 28 के कार्यकाल के लिए चुनाव कराए जाएंगे। 
 
लगातार सातवें कार्यकाल के सचिव चेतन गोविंद दंडवते के अनुसार अध्‍यक्ष अजय काले के नेतृत्‍व में हमारा 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 का कार्यकाल उपलब्धिपूर्ण रहा। दंडवते के साथ सखी निवास प्रभारी नमिता शेष ने बताया कि हमने करीब 22 साल पुराने कामकाजी महिला वसती गृह के कमरे को समय की मांग के अनुरूप नया स्‍वरूप प्रदान किया है। अब यहां प्रत्‍येक कमरे लेट-बाथ से अटैच किए गए हैं। इसी तरह यहां रहने वाली महिलाओं- छात्राओं के लिए अलग से डायनिंग हॉल की व्‍यवस्‍था भी की गई है। प्रशासन के दिशा- निर्देश के अनुसार अब कामकाजी महिला वसति गृह का नाम बदलकर सखी निवास किया गया है। वहीं महाराष्‍ट्र मंडल में ही झूला घर शुरू करने की प्रकिया और तैयारी पूरी हो जाएगी और उसका भी शुभारंभ किया जा सकेगा।   
 
दिव्‍यांग बालिका विकास गृह के प्रभारी प्रसन्‍न निमोणकर की माने, तो समता कॉलोनी स्थित करीब 30 साल पुराने भवन को अत्‍याधुनिक सुविधाओं और वर्तमान आवश्‍यकता के अनुरूप बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य प्रगति पर है और 15 अगस्‍त तक दिव्‍यांग बालिका विकास गृह नए कलेवर में नजर आएगा। वहीं सब कुछ योजनानुसार हुआ, तो नए भवन में 15 अगस्‍त से ही वृद्धजनों की 'आपुलकी योजना' का शुभारंभ हो जाएगा। 
 
मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल (एसडीवी) के प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने बताया कि एसडीवी के इतिहास में पहली बार तीन विद्यार्थियों ने सीजी बोर्ड के दसवीं और बारहवीं में प्रावीण्‍य सूची में स्‍थान हासिल किया है। नए शिक्षा सत्र में बच्‍चों का स्‍वागत नई साज-सज्‍जा वाले शाला भवन में किया जाएगा। साथ ही संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल की एक और शाखा अतिशीघ्र शुरू करने के हरसंभव प्रयास जारी हैं। 
 
शंकर नगर स्थित बाल वाचनालय की प्रभारी रेणुका पुराणिक ने जानकारी दी कि यहां भी पिछले साल से विकास और सुधार के कार्य करवाए जा रहे हैं। संभव हुआ तो इसी साल भवन को दो मंजिला बनाने और अन्‍य सुविधाओं से जोड़ने के प्रयास फलीभूत होंगे। वहीं अन्‍य विकास कार्यों, भावी योजनाओं व बाकी की गतिविधियों की जानकारी भी एजीएम में आम सभासदों को दी जाएगी। इसके अलावा सवाल- जवाब सत्र में उनकी जिज्ञासाओं को भी शांत किया जाएगा।