छह गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रांज के साथ हैदराबाद में बजा छत्तीसगढ़ का डंका
2025-05-26 01:28 PM
455
- अंतरराष्ट्रीय रिंग फाइट में छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
रायपुर। हैदराबाद में चल रहे इंटरनेशनल रिंग फाइट चैंपियनशिप 2025 में छह गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रांज के साथ छत्तीसगढ़ की टीम ने हैदराबाद ही नहीं अपितु पूरे देश में छत्तीसगढ़ का डंका बजा दिया। छत्तीसगढ़ गर्ल्स रिंग फाइट की टीम ने अलग-अलग वर्गों के संघर्षपूर्ण फाइनल मुकाबले में चार गोल्ड मेडल अपने नाम किए। वहीं ब्वायज की टीम ने दो गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रांज मेडल अपने नाम किया। छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन के संरक्षक अजय मधुकर काले और अध्यक्ष चेतन दंडवते ने विजयी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।
छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन के सचिव ओपी कटारिया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय रिंग फाइट 2025 हैदराबाद में 23 से 26 मई तक आयोजित है। शनिवार 24 मई को हुए गर्ल्स के पहले मुकाबले में अंडर-14 (50 किलो) में सानिका मिश्रा ने गुजरात की खिलाड़ी एस पटेल को हराया। वहीं दूसरा मुकाबला अंडर-17 (55 किलो) के लिए खेला गया। जिसमें छत्तीसगढ़ की वर्तिका क्षीरसागर ने महाराष्ट्र की भाग्यश्री दत्ता को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। तीसरा मुकाबला अंडर-17 (60 किलो) के लिए हुआ। जिसमें छत्तीसगढ़ी की तन्वी साहू ने गुजरात की परी पटेल को शिकस्त दी। चौथा और रोचक मुकाबला अंडर-17 (50 किलो) में यशिका साहू ने अरुणाचल प्रदेश की खिलाड़ी पी मोहंती को हराकर गोल्ड मेडल जीता।
टीम के कोच व मैनेजर प्रवीण क्षीरसागर ने बताया कि ब्वायज टीम का मुकाबला 25 मई को हुआ। पहला मैच अंडर-14 (50 किलो) वर्ग का हुआ। जिसमें छत्तीसगढ़ के गौरव हिमने की भिड़ंत तमिलनाडू के जी शशांक से हुई। जिसमें गौरव को सिल्वर मेडल मिला। दूसरा मुकाबला अंडर-14 (55 किलो) वर्ग का था, जिसमें वेदांत साहू का मुकाबला अंडमार निकोबार के जी सामंथा से हुआ। इसमें वेदांत को ब्रांज मेडल मिला। तीसरा और रोचक मुकाबला अंडर-14 (45 किलो) का हुआ। जिसमें छत्तीसगढ़ के तुषार वर्मा ने अरूणाचल प्रदेश के अजीत कुमार बरुआ को हराकर गोल्ड मेडल जीता। छत्तीसगढ़ के टीम की चौथी फाइट अंडर-17 (60 किलो) की हुई। जिसमें पुष्कर साहू की भिड़ंत तेलंगाना के पी पूर्ति से हुई। जिसमें पुष्कर ने ब्रांज मेडल जीता। पांचवां मैच अंडर-17 (65 किलो) का था। जिसमें योगेश कुमार यादव की पहली भिड़ंत अंडमार निकोबार के वी निखिल के साथ व दूसरी भिड़ंत तमिलनाडू के लाकेश सुडई के साथ हुई। इस रोचक मुकाबले में योगेश ने गोल्ड मेडल जीता।