'सहयोग' में सदस्यों ने धुनों से गानों को पहचान कर दिया स्वर'
2025-06-04 03:56 PM
232
सामूहिक जन्मदिन की धूम के बीच गणेश स्त्रोत का किया सामूहिक पाठ
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठ नागरिकों की सहयोगी संस्था सहयोग की मासिक बैठक में एक के बढ़कर एक मनोरंजक कार्यक्रम हुए। जून माह में होने वाले छह सदस्यों के जन्मदिन को सामूहिक रूप से मनाया गया। रोचक खेल 'पास ऑन गेम’ के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। धुनों से गानों को पहचानने में सदस्यों ने खूब उत्सुकता दिखाई।
‘सहयोग’ के सदस्यों ने गणेश स्तोत्र के सामूहिक पाठ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। अर्चना मुकादम ने संत ज्ञानेश्वर के अभंग की व्याख्या करने सहित वाचन किया गया। शुभांगी आप्टे ने मजेदार ‘पास ऑन गेम’ कराया। इसमें एक के बाद एक प्रतिभागी आउट होते चले जाते हैं। शेष बचे दो सदस्यों में विजेता प्रमोद बोरवणकर और उप विजेता माधुरी पौंक्षे को पुरस्कृत किया गया।
अध्यक्ष अपर्णा कालेले व कोषाध्यक्ष दीपक पात्रीकर ने सभा को संबोधित करते हुए ‘सहयोग’ के संशोधित नियमों की जानकारी दी और नए नियम का अनुमोदन सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से हाथ उठाकर किया। अपर्णा कालेले ने महाराष्ट्र मंडल के भावी उपक्रमों की जानकारी दी। महाराष्ट्र मंडल के मुख्य संयोजक श्याम सुंदर खंगन ने दिव्यांग बालिका विकास गृह के पुनरुद्धार और 15 अगस्त को शुरू होने वाली आपुलकी योजना यानी वृद्धजनों की डे केयर योजना की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही खंगन ने दिव्यांग बालिका विकास गृह के पुनर्निर्मित भवन के लिए मुक्त हस्त से दान करने की अपील भी की। इस अपील का सकारात्म्क परिणाम यह हुआ कि उसी दिन व समय से वरिष्ठ नागरिकों ने मंडल के खाते में पैसे जमा करना शुरू किया।
सदस्यों ने सर्वाधिक आनंद म्यूजिकल अंताक्षरी में लिया। इसमें 20 गानों के शुरुआती संगीत से उस गाने के मुखड़े को पहचान कर उस गाने के दो लाइन गाना था। संगीत मंच के सचिव रविकांत भागवत और अरविंद वाघ ने प्रस्तुत किया। इसमें संख्या संगन, अरुणा भागवत, रंजना काठोटे, दिव्या पात्रीकर, वीणा हुद्दार, दीपांजलि भालेराव, श्रद्धा मरघड़े, प्रियंका बोरवणकर, संजय आप्टे, यशवंत कालेले, शांति महाजन सहित अनेक सदस्यों ने गानों को पहचान कर उनके मुखड़े को गाया। मंच संचालन दिव्या पात्रीकर ने किया।