महाराष्ट्रीयन महिलाओं ने पति के लिए की वट सावित्री की पूजा
रायपुर। राजधानी में मंगलवार को ज्येष्ठ मास के पूर्णिमा के दिन महाराष्ट्रीयन समाज की महिलाओं ने वट सावित्री की पूजा कर अपने पति की लंबी आयु की कामना की।
इस दौरान शहर के अलग-अलग कॉलोनी-मोहल्ले में बरगद पेड़ की पूजा कर समाज की महिलाओं फेरे लिए। उत्तर भारत के अधिकतर क्षेत्र में ज्येष्ठ मास के अमावस्या के दिन वट सावित्री की पूजा की जाती है। शहर में डीडीनगर, डंगनिया, रोहिणीपुरम, रायपुरा, फाफाडीह, प्रोफेसर कॉलोनी, सुंदर नगर, कुशालपुर समेत शहर के अन्य कॉलोनियों में मराठी समाज की महिलाएं मनाते हुए दिखाई दी।
महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि महाराष्ट्रीयन समाज के लोग हर साल ज्येष्ठ पूर्णिमा को वट सावित्री की पूजा करते हैं। वट सावित्री व्रत हिंदू धर्म में विवाहित महिलाओं द्वारा अपने पति की लंबी आयु, स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि के लिए किया जाने वाला एक विशेष व्रत है। यह व्रत विशेष रूप से उत्तर भारत, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश सहित महाराष्ट्र में मनाया जाता है।