गणेशोत्सव की धूम के साथ महाराष्ट्र मंडल में बहेगी भागवत कथा की गंगा
2025-06-22 05:38 PM
818
- कार्यकारिणी की बैठक में वर्ष भर के भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
- मंडल के 90 वर्ष पूर्ण होने पर होगा भव्य मराठी सोहळा का आयोजन
रायपुर। सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक संस्था महाराष्ट्र मंडल रायपुर में 11 दिनों तक गणेशोत्सव की धूम के साथ पितृ पक्ष में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। मुंबई से आचार्य धनंजय शास्त्री हिंदी में भागवत कथा का श्रवण भक्तों का कराएंगे। इस दौरान प्रतिदिन 500 लोगों के लिए विशेष भंडारा का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ इस वर्ष 4 से 6 अक्टूबर को महाराष्ट्र मंडल के 90 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष मराठी सोहळा का आयोजन होगा। जिसकी तैयारियों को लेकर विभिन्न समितियों को जिम्मेदारी दे दी गई है।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने बीते दिनों मंडल द्वारा आय़ोजित कार्यक्रम आनलाइन बाल संस्कार शिविर, प्रत्येक शनिवार को होने वाले रामरक्षा स्त्रोत पाठ, नवरात्र में नौ दिनों तक रामाय़ण के पात्रों पर खुली चर्चा और संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों को बोर्ड की मेरिट सूची में स्थान बनाने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस पर हमने बड़ी तेजी से जनसहयोग के साथ महाराष्ट्र मंडल के इस भवन का निर्माण किया उसी तरह मंडल द्वारा संचालित दिव्यांग बालिका विकास गृह के पुनर्निर्माण के लिए मुक्त हस्त से दान करें। वहां मंडल के कार्यक्रमों में आप अकेले नहीं अपने साथ 8-10 लोगों को लेकर आए। ताकि वे भी मंडल के सामाजिक कार्यों से परिचित हो सके।
मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि रविवार, 22 जून को हुई कार्यकारिणी और विभिन्न समितियों की बैठक में सदस्यों की उपस्थिति प्रशंसनीय रही। इस दौरान मंडल के भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर समितियों और पदाधिकारियों को महती जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने बताया कि आगामी माह में 26 और 27 जुलाई को हर वर्ष की भांति नगर स्तरीय अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मंडल उपाध्यक्ष गीता दलाल की अगुवाई में इसकी तैयारी की जा रही है।
दंडवते ने आगे बताया कि इसके उपरांत 17 अगस्त को कला एवं संस्कृति समिति के प्रमुख अजय पोतदार बच्चों को मिट्टी के गणेश बनाने का प्रशिक्षण देंगे। बीते कई सालों से कई मिट्टी के गणेश बनाने में बच्चों के साथ युवाओं और बुजुर्गों की रूचि बढ़ी है। जिसके बाद सांस्कृतिक समिति की ओर से 22 अगस्त को तान्हा पोला का आयोजन मंडल में होगा। वहीं 27 अगस्त से 6 सितंबर तक 11 दिनों तक गणेशोत्सव की धूम मंडल में देखी जाएगी। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेशोत्सव में हिंदी और मराठी नाटक के साथ कमलताई शेष स्मृति सुगम संगीत स्पर्धा, नगर स्तरीय शालेय विद्यार्थी वाद-विवाद, सुलेख और निबंध स्पर्धा सहित कई आयोजन होंगे। इसे लेकर विभिन्न समितियों को जिम्मेदारी दे दी गई है।
दंडवते ने बताया कि मंडल की धर्म और आध्यात्मिक समिति के नेतृत्व में भव्य श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 9 से 15 सितंबर तक किया जाएगा। कथा वाचक मुंबई से पधारे आचार्य धनंजय शास्त्री मंडल के सदस्यों और श्रोतागणों को हिंदी में भागवत कथा का श्रवण पान कराएंगे। इसके साथ कथा श्रवण करने वाले और भक्तों के लिए प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र मंडल भवन के निर्माण के पूर्व भी मंडल ने भव्य भागवत कथा का आयोजन किया था। अब जब ईश्वर के आशीर्वाद से भवन निर्माण पूरा हो चुका है, तो हम एक बार फिर कथा कराने जा रहे है। इसके उपरांत नवरात्र के दौरान 27 से 31 सितंबर तक पांच दिवसीय गरबा महोत्सव का आयोजन मंडल के लान एरिया में किया जाएगा। कला एवं संस्कृति समिति के पदाधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी देने का साथ कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रुप देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दंडवते ने आगे बताया कि 89 वर्षीय सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संस्था महाराष्ट्र मंडल इस वर्ष 90 वर्ष की होने जा रही है। मंडल की 90वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने और इस उपलब्धि भरे सफर से युवा पीढ़ी को रूबरु करने तीन दिवसीय मराठी सोहळा का आयोजन 4 से 6 अक्टूबर को किया जाएगा। जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ फूड, आर्टिफिशिल ज्वेलरी, कपड़ों का स्टाल मंडल के सदस्यों द्वारा लगाया जाएगा। इस अवसर पर एक शिक्षाप्रद मराठी नाटक का मंचन भी किया जाएगा। वहीं 19 अक्टूबर को दीवाली पहट का आयोजन होगा।