दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल में आज विद्यार्थी सम्‍मान व गौरव अलंकरण समारोह

0- समाजसेवी संस्थाओं के साथ प्रतिभाशाली विद्यार्थी व खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे वित्त मंत्री चौधरी

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह में रविवार, 13 जुलाई को सुबह 11 बजे सम्‍मान समारोह आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि वित्‍त मंत्री ओपी चौधरी होंगे, जो बच्‍चों को बोर्ड परीक्षा से लेकर व्‍यावसायिक शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन करेंगे। इसी तरह विशेष अतिथि वरिष्‍ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ व समाजसेवी डाॅ. दिनेश मिश्रा होंगे। डॉ. मिश्रा लंबी अवधि तक कंप्‍यूटर, लेपटॉप और मोबाइल में पढ़ाई करने वाले प्रतिभाशाली बच्‍चों- युवाओं को आंखों की सुरक्षा से संबंधित महत्‍वपूर्ण जानकारी देंगे। कार्यक्रम की अध्‍यक्षता मंडल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले करेंगे।
 
मंडल के सचिव व कार्यक्रम के संयोजक चेतन गोविंद दंडवते ने बताया कि इस मौके पर रायपुर के बच्‍चों को बे‍सिक कंप्‍यूटर ट्रेनिंग और आंगनबाड़ी के कुपोषित बच्‍चों के लिए सेरेलेक उपलब्‍ध करानी वाली अर्पण सेवा सम‍िति और मूक- बधिर बच्‍चों के रहवास और शिक्षा की नि:शुल्‍क व्‍यवस्‍था करने वाले कोपलवाणी चाइल्‍ड वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन को गौरव अलंकरण सम्‍मान से सम्‍मानित किया जाएगा। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नवंबर 2024 में लांच की गई ‘ड्रोन योजना’ को शानदार तरीके से आत्‍मसात कर आगे बढ़ाने वाली चंदकली वर्मा को भी इस अवसर पर गौरव अंलकरण से नवाजा जाएगा।
 
कार्यक्रम के प्रभारी और मंडल के सह सचिव सुकृत गनोदवाले के अनुसार इस अवसर मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर विद्यालय के 10वीं और 12वीं बोर्ड में प्रावीण्‍य सूची में आने वाले चार बच्‍चों रुचिका साहू, रुद्र प्रताप साहू, पूर्वी साहू, बर्षा पी. परिडा समेत अन्‍य कक्षाओं के टॉपर्स को भी समारोह में सम्‍मानित किया जाएगा। इसी तरह कार्यक्रम में महाराष्‍ट्र मंडल के 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले वरिष्‍ठ सभासदों का भी विशेष रूप से अभिनंदन किया जाएगा।
 
सह सचिव ने जानकारी दी कि मास्‍टर ऑफ सर्जरी, एमबीबीएस प्रथम और अंतिम, बीएससी भू विज्ञान, बीई सिविल, बीएससी और एमएससी वनस्‍पत्ति शास्‍त्र, बीई केमिकल, एमएससी पूर्व भू विज्ञान सहित अनेक कोर्स और संकाय के टॉपर्स को समारोह में नकद राशि, मेडल, प्रमाण पत्र के साथ सम्‍मानित किया जाएगा।