तिलक और आजाद की जयंती पर कथक नृत्य और गायन 23 जुलाई को
2025-07-22 10:32 PM
229
- महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में होगा आयोजन
- विदेशी कलाकार देगी कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की ओर से महापुरुषों की जयंती आयोजन के क्रम में बुधवार, 23 जुलाई को बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद की जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर वेस्ट इंडीज के त्रिनिदाद- टोबैगो से पहुंचे कलाकार कथक नृत्य और हारमोनियम में अपनी प्रस्तुति देंगे। त्रिनिदाद से पहुंचे कलाकारों के साथ भिलाई और रायपुर के कलाकार भी अलग-अलग वाद्य यंत्रों के साथ प्रस्तुति देंगे।
महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने बताया कि चौबे कालोनी स्थित मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में बुधवार, 23 जुलाई को शाम 6 बजे से बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर कथक नृत्य और शास्त्रीय गायन का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर लोकमान्य बालगंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद पर अतिथियों का संक्षिप्त संबोधन भी होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेहरू युवा केंद्र छत्तीसगढ़- मध्यप्रदेश के स्टेट डायरेक्टर अतुल निकम होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले करेंगे।
परितोष कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में वेस्टइंडीज के त्रिनिदाद से पहुंची सुसान मोहिप कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। वहीं त्रिनिदाद निवासी भारतीय मूल के राणा मोहिप हारमोनियम में संगत देंगे। कार्यक्रम में भिलाई की साधना रहाटगांवकर का सुगम और भक्ति गायन भी सुनने को मिलेगा। इनके साथ पंडित अवध सिंह ठाकुर, शरीफ हुसैन और डा. बिहारी लाल तारम बासुरी के बासुंरी की धुन सभी को सुनने मिलेगी।