दिव्य महाराष्ट्र मंडल

विद्यार्थी स्‍वयं अपने जीवन का शिल्‍पी.... ईमानदारी व अनुशासन के साथ करें प्रयास:पवन साय

रायपुर। विद्यार्थी के जीवन में चार तरह के लोगों अभिभावकों, शिक्षकों, शाला प्रबंधकों- प्राचार्यों और स्‍वयं विद्यार्थी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी विद्यार्थी को शिक्षा ग्रहण करने में भरपूर सहायता देते हैं लेकिन विद्यार्थी को ही अपने जीवन का शिल्‍पी बनना होता है। इसके लिए उसे ही ईमानदारी व अनुशासन के साथ प्रयास करना पड़ता है। महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल में छात्र परिषद और सभी चारों हाउस के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्‍य अतिथि की आसंदी से इस आशय के विचार प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री पवन साय ने व्‍यक्‍त किए।
 
साय ने कहा कि जब व्‍यक्ति गंगा स्‍नान के लिए जाता है, तो अपने साथ पात्र लेकर जाता है। गंगा स्‍नान करने के बाद वह अपने साथ लाए पात्र में गंगा जल भरता है अर्थात जिसके पास जितना बड़ा पात्र, उसके पास उतना अधिक गंगा जल। इसी तरह विद्यार्थी भी अपने पात्र में विद्या रूपी गंगा जल कितना भरता है, यह तो उस पर ही निर्भर है। साय ने संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल के चार समूह बाल गंगाधर तिलक, वीर विनायक दामोदर सावरकर, वीर छत्रपति शिवाजी और शिवराम हरि राजगुरु हाउस के पदाधिकारियों को शपथ दिलाने और उन्‍हें उनके नाम का बैच लगाने के बाद अपने प्रेरक संबोधन में उपरोक्‍त चारों महान विभिूतियों को बारे में सारगर्भित जानकारी भी दी।
 
अध्‍यक्षीय संबोधन में अजय मधुकर काले ने कहा कि पिछले शिक्षा सत्र में संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल के चार बच्‍चों ने मेरिट लिस्‍ट में स्‍थान बनाकर जो इतिहास रचा है, उसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। 90 वर्षीय महाराष्‍ट्र मंडल और उसके प्रकल्‍प संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल को आगे और भी कई कीर्तिमान गढ़ने हैं। काले ने कहा कि देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा को छत्तीसगढ़ में इतना आगे बढ़ाने के शिल्‍पकार मुख्‍य अतिथि पवन साय से सीखना चाहिए कि हमें भी अपना शैक्षणिक जीवन किस तरह गढ़ना चाहिए और जीवन में किस तरह सफलता हासिल करनी चाहिए।
 
प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने शाला की उपलब्धियां गिनाते हुए छात्र परिषद के गठन के औचित्‍य को समझाया। कार्यक्रम का संचालन आराधना लाल ने किया। हाउस कोऑर्डिनेटर को रोशन सिंह राजपूत, मेघा जैन ने गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मंडल की उपाध्यक्ष गीता दलाल, सह सचिव सुकृत गनोदवाले, मुख्‍य समन्‍वयक श्याम सुंदर खंगन, शंकर नगर बाल वाचनालय की प्रभारी रेणुका पुराणिक, वरिष्‍ठ सभासद उदय चिमोटे, संध्‍या खंगन व, युवा समिति के शुभम् पुराणिक इस मौके पर उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन सुनिधि रोकड़े ने किया।
 
शपथ लेने वाले पदाधिकारी हैं:-
हेड बॉय- ओंकार दास, हेड गर्ल- श्रद्धा ईश्वर, डिप्टी हेड बॉय- अक्षत द्विवेदी, डिप्टी हेड गर्ल- निकिता डिंबनी। बाल गंगाधर तिलक हाउस- कैप्टन प्रिया साहू, वीर सावरकर हाउस- कैप्‍टन- पलक वर्मा, शहीद राजगुरू हाउस- कैप्टन विकास साहू, वीर छत्रपति शिवाजी- कैप्टन वंदना मोटवानी और उनकी टीम के अन्‍य पदाधिकारी।