दिव्य महाराष्ट्र मंडल

'स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान' में महाराष्ट्र मंडल ने निभाई सहभागिता

रायपुर। स्वदेशी जागरण मंच रायपुर की ओर से 'स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान' का शंखनाद रविवार, 10 अगस्त को राजधानी स्थित जय स्तंभ चौक से किया गया। स्वदेशी जागरण मंच के इस अभियान में महाराष्ट्र मंडल परिवार ने भी अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान सभी विदेशी वस्तुओं की प्रतीकात्मक होली भी जलाई।

अभियान के प्रदेश संयोजक और स्वदेशी जागरण मंच के भी प्रांत प्रभारी जगदीश पटेल ने बताया कि अभियान के दौरान नागरिकों को भारतीय उत्पादों के बारे में जानकारी दी जाएगी और उसका उपयोग करने के लिए आग्रह किया जाएगा। विदेश में निर्मित होने वाले उत्पादों का बहिष्कार करने का संकल्प दिलाया जाएगा।  पटेल ने बताया कि यह अभियान छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में चलेगा। हम प्रत्येक जिला मुख्यालय पर बड़ा कार्यक्रम करेंगे। स्कूलों, व्यावसायिक संगठनों के साथ मिलकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

महाराष्ट्र मंडल की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच के इस प्रदेश व्यापी अभियान का हिस्सा बनने का मौका महाराष्ट्र मंडल को मिला यह बड़ी अच्छी बात है। मंडल ने सभी सदस्यों के साथ अन्य लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील करेगा। आज हुए शंखनाद के दौरान मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, आराधना शेष, निरंजन पंडित, अर्चना भाखरे सहित बड़ी संख्या में मंडल के सदस्य उपस्थित थे।