महाराष्ट्र मंडल में सामूहिक संकष्ट चतुर्थी व्रत उद्यापन 12 अगस्त को
2025-08-11 12:43 PM
177
रायपुर। महाराष्ट्र संस्कार केंद्र एवं महाराष्ट्र मंडल, रायपुर द्वारा मंगलवार, 12 अगस्त 2025 को महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में सामूहिक संकष्ट चतुर्थी व्रत उद्यापन का आयोजन किया जा रहा है। उद्यापन कार्यक्रम दोपहर 3 से 6 बजे तक आयोजित है। उद्यापन को लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपना पंजीयन करा लिया है। महाराष्ट्र संस्कार केंद्र के प्रभारी एवं महाराष्ट्र मंडल, रायपुर के सचिव आचार्य चेतन दंडवते ने बताया कि उद्यापन कार्यक्रम के दौरान दोपहर 1.30 से 2.00 बजे तक साधकों का आगमन, उद्यापन पूजन, दोपहर 3.00 से शाम 6.00 बजे तक हवन, 6.30 बजे आरती एवं नैवेद्य वितरण किया जाएगा।
आचार्य चेतन दंडवते ने आगे बताया कि संकष्टी चतुर्थी व्रत मुख्य रूप से पश्चिमी और दक्षिणी भारत में विशेष रूप से महाराष्ट्र और तमिलनाडु में मनाया जाता है। यह भगवान गणेश को समर्पित एक शुभ दिन है। इस शुभ दिन पर, भक्त पूरे दिन उपवास करते हैं और रात को चंद्रमा के दर्शन और भगवान गणेश की पूजा करने के बाद ही इसे तोड़ते हैं। संकष्टी चतुर्थी व्रत के भक्तों का मानना है कि अगर वे भगवान गणेश से प्रार्थना करते हैं तो उनकी समस्याएं कम हो जाएंगी। ऐसा इसलिए है क्योंकि भगवान गणेश को बुद्धि का देवता और सभी बाधाओं को दूर करने वाला कहा जाता है।
दंडवते ने आगे बताया कि संकष्टी चतुर्थी व्रत का महत्व भगवान कृष्ण ने युधिष्ठिर को समझाया था। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने जीवन में एक बार भी इस व्रत को करता है वह स्वर्ग जाता है और मोक्ष प्राप्त करता है जिसका अर्थ है कि उसके लिए कोई पुनर्जन्म नहीं है। व्रत के लाभ अपार हैं और भौतिक प्रगति और समग्र सुख से यह सभी प्रकार की इच्छाओं की पूर्ति प्रदान करता है और व्यक्ति के लिए स्वर्ग का मार्ग भी खोलता है।