दिव्य महाराष्ट्र मंडल

श्रीमद् भागवत कथा के संकल्प संग हुई गणेश पूजा

0 महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह में सोमवार शाम 4:30 से होगा श्रीमद् भागवत कथा प्रवचन 


रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ शनिवार, छह सितंबर संकल्प के साथ किया गया। संकल्प के उपरांत श्रीगणेश पूजन और पुण्याहवाचन मुंबई से पधारे कथावाचक गुरुवर धनंजय शास्त्री वैद्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। यजमान शचिंद्र और डा. शुचिता देशमुख ने संकल्प के साथ श्रीगणेश की पूजा की। बताते चलें कि महाराष्ट्र मंडल के दिव्यांग बालिका विकास गृह के सहायतार्थ और अपने दिवंगत परिजनों की स्मृति में भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जो 14 सितंबर तक चलेगा। 
 
आयोजन समिति के प्रमुख सुबोध टोले ने बताया कि रविवार, सात सितंबर को सुबह सात बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा के मंडप में आगमन के साथ देवताओं का स्थान और महात्म्य संहिता का पठन आचार्यों की ओर से किया जाएगा। तत्‍पश्‍चात संहिता परायण और संक्षिप्त कथा होगी। चंद्रग्रहण होने के कारण शाम को कथा नहीं होगी। 
 
टोले के अनुसार सोमवार, आठ से 13 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह नौ से 11 बजे तक संहिता परायण होगा। वहीं दोपहर 3.30 से चार बजे तक संहिता परायण, 4.30 से 7.30 बजे तक कथा निरूपण (प्रवचन) किया जाएगा। शाम 7.30 बजे झांकी प्रस्तुत की जाएगी। 7.45 को आरती और संकीर्तन होगा। फिर भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। 14 सितंबर को सुबह 7.30 बजे पूर्णाहूति, आठ बजे अवभृत स्थान के लिए प्रस्थान, 10 बजे श्रीराजीवलोचन त्रिवेणी घाट पर अवभृत स्नान होगा। उपरांत 11 बजे राजिम स्थित त्रिवेणी संगम में पितृतर्पण और 12 बजे देवदर्शन व अन्य दान के पश्चात भोजन होगा। 
मंडल सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने श्रद्धालुओं से भागवत कथा के आयोजन में अपनी सहभागिता निभाते हुए अधिकाधिक अन्न और अर्थ दान देने और प्रतिदिन प्रववन में शामिल होने का आग्रह किया है।