दिव्य महाराष्ट्र मंडल

चौकड़ी, छकड़ी, सनेरो लाल सनेरो स्टेप पर जमकर थिरके युवा

0 महाराष्‍ट्र मंडल में गरबा खेलने के लिए बड़ी संख्‍या में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़ 

रायपुर। कहीं चौकड़ी के साथ पैर की थिरकन व ताली की ताल, तो कहीं उलटा घुमकर छकड़ी ताल में पांव व हाथों के तालमेल के साथ युवतियों, महिलाओं और युवाओं ने जमकर गरबा खेला। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे प्रतिभागी चौकड़ी, छकड़ी, डांडिया, सनेरो लाल सनेरो स्टेप पर जमकर थिरके। मौका था चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में आयोजित रास गरबा उत्सव का। 
 
सचिव चेतन गोविंद दंडवते के मार्गदर्शन में मां अंबा की आरती के साथ शुरू हुए गरबा में मंडल के सदस्यों व उनके परिजन भारतीय पारंपरिक परिधान में शामिल हुए। सभी ने पूरे उत्‍साह के साथ गरबा खेला। नए- पुराने भक्ति गीतों के साथ गरबा गीतों में प्रतिभागियों ने चौकड़ी, छकड़ी सहित विभिन्न स्टेप्स पर जमकर गरबा खेला। इस दौरान गरबा की रीमिक्स बीट्स भी सुनाई दी। युवक- युवतियों ने सनातन संस्कृति से ओतप्रोत थीम के ड्रेस कोड पर जमकर गरबा किया। 
 
 
गरबा आयोजन समिति के प्रमुख अजय पोतदार और भारती पलसोदकर ने बताया कि गरबा महोत्सव के पहले दिन माता रानी की भक्ति में गरबा करने के लिए बड़ी संख्‍या में महाराष्‍ट्र मंडल के हर आयु वर्ग के श्रद्धालुजन जुटे। रविवार, 28 सितंबर को भी मंडल सदस्‍यों द्वारा गरबा खेला जाएगा।