महाराष्ट्र मंडल में 13 जनवरी की शाम भोगी... रजत जयंती वैवाहिक सालगिरह मनाने वाली दंपतियों का होगा सम्मान
2026-01-13 01:33 PM
287
रायपुर। मराठी समाज में मकर संक्रांति से एक दिन पहले मनाया जाने वाला पर्व भोगी मंगलवार, 13 जनवरी को शाम सात बजे समता कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल के दिव्यांग बालिका विकास गृह में मनाया जाएगा। उपाध्यक्ष व कार्यक्रम की संयोजिका गीता श्याम दलाल के अनुसार इस मौके पर तिल गुड़ की रोटी, खिचड़ी के साथ महाराष्ट्रियन कढ़ी सुस्वाद भोजन का आकर्षण होगी।
गीता ने बताया कि कार्यक्रम में हास-परिहास और मनोरंजक गेम्स, प्रस्तुतियों के अलावा ऐसी दंपतियों का अभिनंदन किया जाएगा, जिन्होंने हाल ही में अपने विवाह के 25 वर्ष पूरे किए हों। दिव्यांग बालिका विकास गृह के लॉन एरिया में होने वाले इस मजेदार आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकीं हैं।
मंडल के सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने भोगी के संदर्भ में जानकारी दी कि यह पर्व मुख्य रूप से प्रकृति का आभार, पुरानी चीजों का त्याग और नई शुरुआत का प्रतीक है। यह त्योहार सर्दियों की मौसमी सब्जियों और तिल-गुड़ के सेवन से स्वास्थ्य रक्षा और रिश्तों में मधुरता लाने पर जोर देता है। साथ ही यह वर्षा के देवता इंद्र के सम्मान में भी मनाया जाता है। इसमें कृषक अच्छी फसल की कामना करते हैं। इस पर्व से नए कृषि चक्र की शुरुआत होती है।