दिव्य महाराष्ट्र मंडल

शेखर अमीन बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल के निर्विरोध महासचिव, सुबोध प्रदेश प्रभारी

- अमीन के महासचिव बनने से छत्तीसगढ़ के महाराष्ट्र मंडलों में बढ़ेंगी बृहन्महाराष्ट्र मंडल की गतिविधियां

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल के वरिष्‍ठ आजीवन सभासद शेखर रावसाहेब अमीन बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल नई दिल्‍ली के निर्विरोध राष्ट्रीय महासचिव (प्रधान कार्यवाह)  निर्वाचित हुए हैं। इसी तरह सुबोध टोले भी बिना विरोध छत्‍तीसगढ़ कार्यवाह चुने गए हैं।

बृहन्महाराष्ट्र मंडल के सौ साल के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ से शेखर रावसाहेब अमीन अकेले ऐसे व्यक्ति हैँ, जो राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुके हैँ। अब वे फिर निर्विरोध राष्ट्रीय महासचिव बने हैं। दोनों ही सेवाभावी पदाधिकारियों को इस उपलब्धिपूर्ण निर्वाचन के लिए गुरुवार शाम से ही बधाई मिलने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो लगातार जारी है।

निर्वाचन अधिकारी शरयु वाघमारे ने बताया कि बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष पद पर दिलीप कुंभोजकर, उपाध्‍यक्ष दीपक कर्पे, कोषाध्‍यक्ष यशोवर्धन फाटक और कार्यवाह (महिला) पूनम कुलकर्णी को भी अन्‍य कोई नामांकन नहीं मिलने और स्‍कूटनी में इनके नामांकन पत्र सही पाए जाने पर निर्विरोध चुना गया है।

महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने शेखर रावसाहेब अमीन को निर्विरोध राष्‍ट्रीय महासचिव और सुबोध टोले को छत्‍तीसगढ़ कार्यवाह बनने पर बधाई दी है। काले ने कहा कि दोनों ही वरिष्‍ठ पदाधिकारियों ने गत वर्ष महाराष्‍ट्र मंडल रायपुर में बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल का राष्‍ट्रीय अधिवेशन आयोजित करने में न केवल महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई थी, बल्कि आयोजन का एक ऐसा उच्‍च स्‍तरीय मापदंड निर्धारित किया था, जिसके पार जाना भविष्‍य में देशभर के आयोजकों के लिए आसान नहीं होगा। ऐसा बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मिलिंद महाजन ने रायपुर में अधिवेशन के समापन सत्र में कहा था।

काले ने कहा कि शेखर और सुबोध के नवनिर्वाचन से छत्‍तीसगढ़ के महाराष्‍ट्र मंडलों में बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल की गतिविधियां बढेंगी। यहां की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शन के न सिर्फ नए मौके मिलेंगे, बल्कि बाहर के सुप्रसिद्ध कलाकारों को देखने- मिलने के अवसर भी मिलेंगे। बताते चलें कि मालवा, राजस्‍थान, कच्‍छ- सौराष्‍ट्र, शेष गुजरात, निमाड, उत्‍तर मध्‍य भारत, महाकौशल, उत्‍तर प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, गोवा, दिल्‍ली के कार्यवाह पदों पर भी निर्विरोध चुनाव हुए हैं। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार राष्‍ट्रीय कार्यवाह, सह कोषाध्‍यक्ष सहित मालवा और तेलंगाना के कार्यवाह पदों पर चुनाव एक मार्च को देवास में राष्‍ट्रीय अधिवेशन में होंगे।