फिजिक्स में डायग्राम, ग्राफ और यूनिट्स का विशेष महत्वः निदा सुल्तान
- टॉपिक-वाइज अध्ययन से मजबूत होगी 12वीं फिजिक्स की तैयारी
रायपुर। बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए डायग्राम, ग्राफ और यूनिट्स का विशेष महत्व है। उत्तर पुस्तिका में साफ, स्पष्ट और सही लेबल वाले डायग्राम प्रस्तुत करने से उत्तर प्रभावी बनते हैं। संख्यात्मक प्रश्नों में सभी स्टेप्स लिखना आवश्यक है, जिससे पूर्ण अंक प्राप्त किए जा सकें। संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में फिजिक्स की शिक्षिका निदा सुल्तान ने 12वीं फिजिक्स की प्रभावी तैयारी को लेकर छात्रों को विस्तृत और परीक्षा-उपयोगी जानकारी दी।
निदा सुल्तान ने कहा कि 12वीं फिजिक्स एक कॉन्सेप्ट-आधारित विषय है, इसलिए पूरे अध्याय को एक साथ पढ़ने के बजाय टॉपिक के अनुसार अध्ययन करना अधिक उपयोगी होता है। पहले मूल अवधारणाओं, नियमों और सूत्रों को अच्छी तरह समझना चाहिए, इसके बाद संख्यात्मक प्रश्नों का नियमित अभ्यास करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रोजाना एक निश्चित समय पर फिजिक्स का अध्ययन करें, कठिन टॉपिक्स को छोटे भागों में बांटकर पढ़ें तथा उनके शॉर्ट नोट्स और फॉर्मूला शीट अलग से तैयार करें।
अंत में उन्होंने कहा कि नियमित रिवीजन, सैंपल पेपर और मॉक टेस्ट का अभ्यास करने के साथ-साथ आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी है। सुनियोजित और निरंतर तैयारी से 12वीं फिजिक्स बोर्ड परीक्षा में बेहतर और संतोषजनक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।