टीनएजर्स ने ली शपथ... खुद भी रहेंगे अलर्ट.. दूसरो को भी करेंगे जागरूक
- संत ज्ञानेश्वर स्कूल में हुआ सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर कार्यशाला का आयोजन
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में मंगलवार, 10 फरवरी को राष्ट्रीय सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने पावर पॉइंट के माध्यम से 11वीं और 12वीं के बच्चों के साथ शिक्षकों को इंटरनेट की व्यापक दुनिया में खुद को और अपने परिजनों को सुरक्षित रखने के तरीके बताए। इस अवसर पर टीनएजर्स ने साइबर क्राइम से खुद से अलर्ट रखने और दूसरो को जागरूक करने की शपथ ली।

परितोष डोनगांवकर ने बताया कि सुरक्षित इंटरनेट दिवस यानी सफर इंटरनेट डे हर साल फरवरी के दूसरे मंगलवार को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य बच्चों और वयस्कों को इंटरनेट के जिम्मेदार, सुरक्षित और स्मार्ट उपयोग के लिए प्रेरित करना है। इस वर्ष आयोजन की थीम एआई के “स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प, एआई का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग” पर आधारित है। उन्होंने सोशल मीडिया एकाउंट में मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें की बात कहीं। वहीं अनजान लिंक पर क्लिक न करने और संदिग्ध ऑनलाइन व्यवहार की रिपोर्ट करने की बात कहीं।

परितोष ने आगे बताया कि आज ओटीपी और यूपीआई फ्राड अधिक हो रहे है। अपराधी बुजुर्ग वर्ग को ज्यादा निशाना बनाते है इसलिए आप सभी की जिम्मेदारी है कि आप अपने घर के बुजुर्गों को इसके लिए अलर्ट करें। वहीं इनवेस्टमेंट फ्राड भी इन दिनों तेजी से बढ़ा है। इसके साथ सबसे महत्वपूर्ण यह है कि किसी भी कंपनी के कस्टमर केयर नंबर खोजने के लिए हम गुगल करते है। यहां भी फ्राड की गुंजाईश अधिक होती है। इसलिए जिस कंपनी का कस्टमर केयर सर्च कर रहे है उसकी सही स्पेलिंग जरूर लिखें। इस अवसर पर प्राचार्य मनीष गोवर्धन, उप प्राचार्य राहुल वोड़ितेलवार और शिक्षिका तृप्ति अग्निहोत्री ने परितोष का स्वागत सूत माता और कामधेनु गाय की प्रतिमा भेंटकर किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अखिल खरे ने किया।