राष्ट्रीय गौरव यात्राः टाटीबंध चौक से तात्यापारा... पुरानी बस्ती थाना होते पहुंचेगी पचपेड़ी नाका
रायपुर। छत्रपति शिवाजी महाराज जन्मोत्सव पर नासिक सिंदखेड़ से पुरी से लिए 12 फरवरी को निकल रही राष्ट्रीय गौरव यात्रा 16 फरवरी को राजधानी रायपुर पहुंचेगी। इस गौरव यात्रा का राजधानी प्रवेश टाटीबंध चौक से होगा। रथ के साथ घोड़े शहर का भ्रमण करते हुए कृषि विवि में आयोजित स्वागत समारोह स्थल तक पहुंचेगी। इस गौरव यात्रा के लिए रूट तय पर रायपुर कमिश्नर डा. संजीव शुक्ला को ज्ञापन सौंपा गया।
छत्तीसगढ़ सर्व समाज की अगुवाई में आयोजित स्वागत समारोह में गौरव यात्रा मार्ग की जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए तिरेला कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष ललित कांकड़े व अन्य प्रतिनिधियों ने रायपुर कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। ललिल ने बताया कि गौरवयात्रा टाटीबंध चौक से सरस्वती नगर थाना, राजकुमार कालेज, आजाद चौक होते हुए तात्यापारा चौक पहुंचेगी। यहां शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
ललित ने आगे बताया कि गौरव यात्रा तात्यापारा चौक से कंकाली तालाब होते हुए पुरानी बस्ती थाना, बूढ़ेश्वर मंदिर, कैलाशपुरी चौक होते हुए पुलिस लाइन गेट के सामने से होते हुए सिद्धार्थ चौक से पचपेड़ी नाका पहुंचेगी। यहां से सीधे स्वागत समारोह स्थल कृषि मंडपम इंदिरा गांधी कृषि विवि के लिए प्रस्थान करेगी। ज्ञापन देने वालों में ललित कांकड़े प्रदेश अध्यक्ष तिरेला कुर्मी क्षत्रिय समाज, मराठा मित्र मंडल के अध्यक्ष लोकेश पवार, सचिव शरद फरताड़े, अभिजीत जाचक शामिल थे।