रायपुर। छत्रपति शिवाजी महाराज की राष्ट्रीय गौरव यात्रा का सोमवार रात को अभूतपूर्व स्वागत किया गया। टाटीबंध से तात्यापारा चौक तक भगवामय माहौल में सारा समय ‘जय शिवाजी, जय भवानी' के जयकारों की गूंज रही। घोड़े पर सवार शिवाजी महाराज की प्रतिमा के साथ निकली इस यात्रा के स्वागत और फोटो खिंचाने की होड़ में सर्वसमाज के लोगों में इतना जोश और उत्साह था, कि शाम छह बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्व विद्यालय के कृषक सभागार में होने वाली सभा को स्थगित करना पड़ा। क्योंकि गौरव यात्रा वहां लगभग आधी रात ही पहुंच पाई। शिवाजी महाराज की राष्ट्रीय गौरव यात्रा को शहर को क्रास करने में ही करीब चार घंटे लग गए।
इधर कृषक सभागृह में विशेष अतिथि बृहमोहन अग्रवाल, रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कारपोरेशन के चेयरमैन दीपक म्हस्के, कृषक कल्याण आयोग के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सभा स्थल पर पहुंचकर राष्ट्रीय गौरव यात्रा के रूप में शिवाजी महाराज के गौरवशाली इतिहास को याद करने के प्रयास की जमकर प्रशंसा की। साथ ही शिवाजी महाराज की माता जाजाऊ बाई के मायके सिंघखेड (नासिक) से निकली गौरव यात्रा के रायपुर से जगन्नाथपुरी तक इसी तरह प्रभावशाली तरीके से पहुंचने की शुभकामनाएं दीं।
सभी अतिथियों ने महाराष्ट्र मंडल और सिविल सोसायटी की ओर से 19 फरवरी को स्वराज दिवस घोषित करने के समर्थन में चलाए जा रहे अभियान के मांग पत्र पर हस्ताक्षर भी किए। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले को आश्वस्त किया कि वे इस मांग पर राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा करेंगे। इधर कृषक सभागृह में पहुंचने के लिए तैयार कार्यक्रम के विशेष अतिथि महापौर, शेष विधायकों को गौरव यात्रा के अति विलंबित होने की जानकारी दी गई। सुबह गौरव यात्रा कृषक सभागृह से अपने गंतव्य संबलपुर ओडिशा की ओर बढ़ गई।