दिव्य महाराष्ट्र मंडल

नासिक से निकली शिवाजी गौरव यात्रा का आज रायपुर में भव्य स्वागत*

0- तात्‍यापारा चौक पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष गौरव रथ के साथ प्रतिमा पर भी माल्यार्पण 
0- कृषि विश्वविद्यालय में भव्य सभा को संबोधित करेंगे जिजाऊ माता के वंशज शिवाजी राजे

रायपुर। शिवाजी महाराज के भव्य रथ वाले राष्‍ट्रीय गौरव यात्रा का रायपुर आगमन सोमवार शाम चार बजे होगा। यात्रा का टाटीबंध चौक में जोशीला स्‍वागत करने के बाद करीब सौ वाहनों को टाटीबंध से रिंग रोड नंबर एक से सीधे वीआईपी चौक होते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्‍वविद्यालय (आईजीकेवी) के सभागृह के लिए रवाना किया जाएगा। जबकि छत्रपति शिवाजी के रथ के साथ गौरव यात्रा के पांच अन्‍य वाहनों को टाटीबंध से सीधे तात्‍यापारा चौक लाया जाएगा। यहां शिवाजी महाराज व रथ पर प्रतिष्ठित शिवाजी की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण किया जाएगा और गौरव यात्रा का आत्‍मीय स्‍वागत किया जाएगा। 
इस आशय का निर्णय रविवार को महाराष्‍ट्र मंडल में हुई सर्वसमाज की बैठक में लिया गया। 
 
बैठक के संयोजक अजय काले ने बताया कि हम शहर की यातायात व्‍यवस्‍था को सुचारु रखना चाहते हैं इसलिए वाहनों का काफिला रिंग रोड से सीधे आईजीकेवी सभागृह में लाया जाएगा। इसी तरह तात्‍यापारा चौक पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष कार्यक्रम भी चंद मिनटों का ही होगा।
सभी समाजों के प्रमुखों से चर्चा करने के बाद मंच पर होने वाले कार्यक्रमों को भी सूचीबद्ध किया गया। काले के अनुसार मंच पर मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय, विधानसभाध्‍यक्ष डॉ. रमन सिंह और सिंधखेड से गौरव यात्रा के साथ चल रहे शिवाजी महाराज की माता जिजाऊ बाई के वंशज शिवाजी राजे जाधव विशेष रूप सभा को संबोधित भी करेंगे। बाल कलाकार पार्थ शेष बाल शिवाजी के रूप में अपने सशक्‍त प्रस्‍तुति देंगे। मंच का संचालन दीपक हटवार करेंगे।  
 
मंच पर सभी समाजों के प्रमुखों के अलावा सांसदद्वय बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, महापौर मीनल चौबे, विधायक पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू भी मंचस्‍थ रहेंगे। बैठक में महाराष्‍ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, कार्यकारिणी सदस्‍य प्रसन्‍न निमोणकर, परितोष डोनगांवकर, निरंजन पंडित, सुकृत गनोदवाले, शुभम् पुराणिक, गणेशा जाधव, अभय भागवतकर, प्रवीण क्षीरसागर, पराग दलाल सहित अनेक पदाधिकारियों व सभासदों को जिम्‍मेदारियां दी गईं।  
 
सर्वसमाज बैठक में सिविल सोसायटी के संरक्षक डॉ. कुलदीप सोलंकी, बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल के छत्‍तीसगढ प्रभारी सुबोध टोले, छत्‍तीसगढ दाऊ अग्रवाल समाज के अध्‍यक्ष अनुराग अग्रवाल, मराठा समाज के अध्‍यक्ष लोकेश पवार, प्रदेश तिरेला कुनबी समाज के अध्‍यक्ष ललित कांकडे, कुनबी समाज के मीडिया प्रभारी अमित डोये, सुरेंद्र डुकरे, महेंद्र जाधव, शरद फरताडे, विनोद मांढरे सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।