व्याकरण, अपठित गद्यांश और सही वर्तनी संस्कृत में दिलाएगे अच्छे नंबरः वंदना बिसेन
रायपुर। 10वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों के लिए संस्कृत में अच्छे नंबर लाना बड़ा टास्क होता हैं। क्योंकि आज के आधुनिक युग में बच्चे संस्कृत से काफी दूर होते जा रहे है। ऐसे में व्याकरण, अपठित गद्याश और सही वर्तनी आपको परीक्षा में अच्छे नंबर दिलाएगी। उक्त बातें संत ज्ञानेश्वर विद्यालय की संस्कृत शिक्षिका वंदना बिसेन ने संस्कृत पर आयोजित मार्गदर्शन सत्र में कहीं।
वंदना बिसेन ने कहा कि संस्कृत में व्याकरण सबसे अधिक अंक दिलाता है। शब्द रूप (बालक, रमा, फल), धातु रूप (पठ्, गम् - लट्, लृट्, लङ्), संधि, प्रत्यय और वाच्य परिवर्तन के नियम याद कर ले। वहीं 10 अंक के अपठित गद्यांश को हल करने के लिए गद्यांश को दो बार पढ़ें। प्रश्नों के उत्तर खोजने के लिए प्रश्न के शब्दों को गद्यांश में ढूँढें। शीर्षक के लिए गद्यांश में बार-बार आने वाले शब्दों पर ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि 10वीं संस्कृत की पढ़ाई समझकर करनी चाहिए, रटने से नहीं। सर्वप्रथम पाठ का अर्थ अच्छी तरह समझें तथा कठिन शब्दों की सूची बनाकर उनके अर्थ याद करें। प्रत्येक पाठ का संक्षिप्त सार अपनी कॉपी में लिखने से विषय पर पकड़ मजबूत होती है। लंबे उत्तरों और श्लोकों का नियमित लिखित अभ्यास आवश्यक है तथा वर्तनी की शुद्धता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। व्याकरण के अंतर्गत संधि, समास, शब्द रूप और धातु रूप का प्रतिदिन अभ्यास एवं पुनरावृत्ति करें।