Health Tips: गर्मी के मौसम में करा रहे हैं फिजियोथेरेपी तो इन बातों को रखें ध्यान
रायपुर। गर्मी के दिनों में फिजियोथेरेपी कराने वाले मरीजों को अपनी सेहत को लेकर कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। फिजियो कराते समय हाइड्रेशन, हल्की कसरत, और समय का सही चयन बेहद महत्वपूर्ण है। उक्ताशय के विचार महाराष्ट्र मंडल में संचालित फिजियोथेरेपी सेंटर में अपनी सेवाएं दे रहे डाक्टर डीके नेताम ने कहीं।
डा. नेताम ने आगे कहा कि फिजियो कराने वाले मरीजों को गर्मी के दिनों में तेज धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए। उन्हें ढीले सूती कपड़े पहनने चाहिए और कसरत से पहले वार्म-अप जरूर करना चाहिए। शरीर के तापमान को संतुलित रखने के लिए ठंडे पानी का सेवन भी आवश्यक है। एक्सरसाइज के लिए सुबह 10 से पहले और शाम को 4 बजे के बाद का समय बेहतर है। कुछ मरीजों को गर्मी में एक्सरसाइज में दिक्कत होती है, ऐसे में उन्हें सुबह जल्दी और कम व्यायाम करना चाहिए।
डा. नेताम मांसपेशियों की जकड़न से बचने के लिए कसरत से पहले 5-10 मिनट हल्का स्ट्रेचिंग करना चाहिए। व्यायाम के बाद शरीर को धीरे-धीरे ठंडा करने के लिए स्ट्रेचिंग भी करें। गर्मी के दिनों में कसरत के लिए इंडोर विकल्प भी बेहतर होता है। तैराकी भी बेहतर आप्सन है। व्यायाम के पहले, साथ में और बाद में नारियल पानी, नींबू पानी आदि पीना चाहिए ताकि लो ब्लड प्रेशर की परेशानी न हो।
डा. नेताम ने आगे कहा कि फिजियो कराते समय या व्यायाम करते समय चक्कर आए, सिरदर्द हो या बहुत ज्यादा थकान महसूस हो, तो तुरंत रुक जाएं और आराम करें। पीठ या गर्दन में दर्द ज्यादा हो तो उसे नजरअंदाज न करें, तुरंत फिजियोथेरेपिस्ट से सलाह लें। गर्मी के दिनों में फिजियोथेरेपी कराने वाले मरीजों को अपना विशेष ख्याल रखना पड़ता है।