दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में हिंदी नाटक ‘कथा’ का मंचन 14 जून को

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल रायपुर और उसकी सहयोगी संस्था रंगभूमि के सहयोग से युवा निर्देशक किशोर वैभव द्वारा निर्देशित हिंदी नाटक ‘कथा’ का मंचन रविवार, 14 जून को संत ज्ञानेश्वर सभागृह में किया जाएगा। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह के स्व. कुमुदिनी वरवंडकर रंचमंच पर मंचित होने वाला 70 मिनट का यह नाटक शाम 7 बजे शुरू होगा।

आचार्य रंजन मोड़क ने बताया कि किशोर वैभव की ओर से निर्देशित और हमारी सांस्कृतिक टीम  ‘रंगभूमि’ के सहयोग से हिंदी नाटक ‘कथा’ कथासरित्सागर पर आधारित है। किशोर नाट्य जगत में वर्ष 2009 से सक्रिय है। कथासरित्सागर संस्कृत कथा साहित्य का उत्कृष्ट और शिरोमणि ग्रंथ है। कश्मीरी पंडित सोमदेव भट्ट की यह अमर कृति 11वीं शताब्दी में रची गई और यह कहानियों का एक विशाल सागर है। जो भारतीय इतिहास की गौरवशाली धरोहर है। इसमें 124 तरंगों में 21,388 पद द्वारा मिथक, इतिहास, यथार्थ, सच्चाई और इंद्रजाल का ऐसा अनूठा संगम किया गया हैं जो दूसरी जगह दुर्लभ है।

आचार्य मोड़क ने बताया कि इस नाटक में सूत्रधार हेमंत यादव होंगे। वहीं निलेश पटेल, अक्षदा मातुरकर, सुमन आरोही, आदित्य दास, आस्था जांगड़े, विजय शर्मा सहित अन्य कई कलाकार मंच पर नजर आएंगे। वहीं विन्यास संयोजन की भूमिका लोकेश साहू, स्वपनिल हुद्दार और संत फरिकार ने निभाई है।  नाटक के मंचन के लिए दर्शकों से सहयोग राशि ली जाएगी। छात्र और सीनियर सिटीजन्स से प्रति व्यक्ति 150 रुपये, सामान्य 200 रुपये और विशेष आरक्षित यानी वीआईपी सीट के लिए 300 रुपये की सहयोग राशि तय की गई है। आचार्य मोड़क ने सभी से आग्रह किया है कि इस सांस्कृतिक अवसर पर सक्रिय भागीदारी देकर रंगमंच के रंगसाधकों को प्रोत्‍साहित करें और परिवार व मित्रों को भी अपने साथ जरूर लाएं।