किसी भी एक काम का लें संकल्पः राज्यपाल रमेन डेका
2026-06-06 08:35 PM
203
- महाराष्ट्र मंडल में छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा का राज्यपाल ने किया अनावरण
- महाराष्ट्र मंडल को उनके सेवाभावी कार्यों के लिए प्रदान किया एबुंलेंस
रायपर। आज हमें अपनों के हित के लिए छोटे–छोटे कार्य करने का संकल्प लेना है। आज हम इस मंच से किसी एक काम का संकल्प लें, चाहें फिर वह घर के बाहर फैली गंदगी की सफाई का संकल्प हो या किसी जरूरतमंदों की बुनियादी सुविधाओं को पूरा करने का संकल्प। किसी को शिक्षा में मदद का संकल्प भी हो सकता है। उक्ताशय के विचार राज्यपाल रमेन डेका ने महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा अनावरण समारोह में कहीं। उन्होंने महाराष्ट्र मंडल के सेवाभावी कार्यों की सराहना करते हुए मंडल को एक एंबुलेंस भेंट की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हम असम से आते है, असम औऱ मराठी दोनों में ही मां को आई कहते है। मराठी और असमिया में 48 फीसद संस्कृत के शब्द है, इसलिए दोनों में काफी समानता है। उन्होंने अपने पुरानों दिनों का जिक्र करते हुए बताया कि करीब 52 साल पर जब उनके पास युवा मोर्चा की कमान हुआ करती थी, तब हम लोग शिवाजी महाराज की जयंती मनाया करते थे। शिवाजी के बलिदानों के बारे में आज हमें अपने आने वाली पीढ़ी को बताना होगा।
राज्यपाल ने कहा कि असम के अहोम साम्राज्य और मुगलों के बीच लगभग 17 से 20 बार छोटे-बड़े युद्ध और मुठभेड़ें हुईं। शक्तिशाली मुगल सेना ने पूर्वोत्तर में अपने साम्राज्य का विस्तार करने के लिए कई बार आक्रमण किए, लेकिन अहोम वीरों ने उन्हें हर बार कड़ी टक्कर दी। असम और महाराष्ट्र में यह भी एक समानता है कि हम दोनों ही योद्धा है।
राज्यपाल ने कहा है कि डिजिटल एडिक्शन वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बनती जा रही है। इसका प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि पारिवारिक और सामाजिक जीवन पर भी पड़ रहा है। नई पीढ़ी को डिजिटल एडिक्शन और ‘पॉपकॉर्न मेंटल स्टेटस’ से बाहर निकलने की आवश्यकता है, क्योंकि यह सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित कर केवल कृत्रिम संतुष्टि प्रदान करता है।
इससे पूर्व राज्यपाल ने महाराष्ट्र मंडल परिसर पर स्थापित शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनारण किया और चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने महाराष्ट्र मंडल के सेवाभावी प्रकल्पों की जानकारी दी। कार्यक्रम को महापौर मीनल चौबे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल सचिव चेतन दंडवते और आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने किया।