दिव्य महाराष्ट्र मंडल

पुण्यतिथि पर डाॅ. हेडगेवार का महाराष्ट्र मंडल में सादगीपूर्ण स्मरण

 0- डाॅ. हेडगेवार के विचारों को भावी पीढ़ी के लिए भी प्रेरणास्पद बनाए रखने के लिए अटल नगर में बनाएं संग्रहालय: काले 

 
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डाॅ. केशव बलिराम हेडगेवार की पुण्यतिथि सादगीपूर्ण मनाई गई।मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने डाॅ. हेडगेवार की तस्वीर पर सूत माला पहनाकर व गुलाल का टीका लगाकर उनका पुण्य स्मरण किया।
 
काले ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल के पांचवें स्थापना दिवस, 26 मार्च 1939 को तात्यापारा स्थित डबरी में डा. हेडगेवार आए थे। उन्होंने यहां की सार्वजनिक सभा में मंडल के सभासदों सहित मराठी भाषी लोगों से कहा था कि जो भी यहां के निवासी हैं, उन्हें सभी जातियों के रहवासियों से मिल जुलकर सभी के साथ इस क्षेत्र का विकास करना चाहिए। यही रच बसकर भारत देश की स्वतंत्रता के लिए जुट जाना चाहिए। इस वक्तव्य के बाद बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ के युवा स्वाधीनता आंदोलन में कूद पड़े थे। महाराष्ट्र मंडल ने भी डाॅ. हेडगेवार की इसी सभा से सभी समाजों के लिए सामाजिक कार्य करने का उद्देश्य तय किया। सर्व समाज की सेवा का अपना संकल्प स्मरण करते हुए महाराष्ट्र मंडल ने विविध क्षेत्रों में निरन्तर सामाजिक प्रकल्प स्थापित किए और इनके माध्यम से हजारों लोगों की यथासंभव सेवा कर रहा है। 
 
अजय काले ने बताया कि 21 जून 1940 को उनके निधन के दो दिन बाद अर्थात 23 जून को ही महाराष्ट्र मंडल में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में डाॅ. हेडगेवार के हिन्दुओं के लिए किए गए अलौकिक की स्मृति हमेशा जीवंत रखने के लिए डाॅ. हेडगेवार स्मारक संग्रहालय नागपूर में स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को दिया गया। आज नागपुर में रायपुर महाराष्ट्र मंडल के प्रस्ताव का क्रियान्वयन तत्कालीन शासन ने किया था। 
 
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि डाॅ. हेडगेवार के विचारों को हमारी भावी पीढ़ी के लिए भी प्रेरणास्पद बनाए रखने के लिए डॉ. हेडगेवार संग्रहालय की स्थापना अटल नगर रायपुर में करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को ज्ञापन भी दिया गया है। अजय मधुकर ने जोर देकर कहा कि शीघ्र ही 'डाॅ. हेडगेवार महाराष्ट्र मंडल और छत्तीसगढ़' विषय पर स्मारिका का प्रकाशन भी किया जा रहा है। इसी तरह भव्य समारोह में महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में डाॅ. केशव बलिराम हेडगेवार का तैल चित्र भी लगाया जाएगा। इस मौके पर मंडल के अनेक सभासद उपस्थित रहे।