कमल विहार केंद्र ने 1008 पार्थिव शिवलिंग बनाकर किया अभिषेक
2026-09-09 07:47 PM
251
महाराष्ट्र मंडल के विभिन्न केंद्रों में सावन माह में जारी हैं आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के कमल विहार केंद्र की महिलाओं ने अंतिम दिनों की ओर अग्रसर सावन मास में बुधवार को सुखदा लाखे के घर पर ‘ऊँ नमः शिवाय’ का जाप करते हुए 1008 पार्थिव शिवलिंग बनाए। उसके बाद सभी महिलाओं ने बड़ी श्रध्दा और भक्ति से मंत्रोच्चार करते हुए पार्थिव शिवलिंग की विधिवत पूजा की। साथ ही उसका अभिषेक भी किया। इसी तरह महाराष्ट्र मंडल के सभी 17 महिला केंद्रों में सावन मास को लेकर श्रावण झूला महोत्सव, हरियाली उत्सव से लेकर शिवलिंग अभिषेक, पूजा सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि अपने पति की लंबी आयु और परिवार को सेहतमंद रखने की कामना के साथ यह आयोजन किया गया। पूरी पूजा सुखदा के मार्गदर्शन में की गई। इस अवसर पर सरिता लुलु, स्मिता कायंदे, नीलिमा लखपाले, साधना धगमवार, अल्का बापट, तृप्ति नलगुंडलवार, ज्योति बनकर, अल्पा, वंदना, शामिल हुईं।
बताते चलें कि अभी भी मराठी समाज के अलावा तेलगू और गुजराती समाज का भी सावन मास जारी है। दरअसल इस समाजों का सावन माह हरेली अमावस्या के दूसरे दिन यानी 13 अगस्त से शुरू होकर पोला अमावस्या तक यानी 11 सितंबर तक रहेगा। इसी वजह से इन समाजों में अभी भी सावन मास से संबंधित कार्यक्रम लगातार हो रहे हैं।