दिव्य महाराष्ट्र मंडल

राज्यपाल से सम्मानित होने पर बोले मंडळ अध्यक्ष, चलता रहेगा मंडळ का सेवा यज्ञ

रायपुर। एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर राजभवन में आयोजित कार्यक्रम सेवाभावी संस्था महाराष्ट्र मंडळ के अध्यक्ष अजय मधुकर काले का सम्मान राज्यपाल ने किया। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र मंडळ के अध्यक्ष अजय काळे ने कहा कि महाराष्ट्र मंडळ रायपुर सभी जाति धर्म के लिए हमेशा सेवा कार्य करती रही है। यह सबसे बड़ा उदाहरण कोरोना संक्रमण काल में देखने को मिला। मंडळ ने स्वास्थ्य सेवा के साथ सैकड़ों लोगों को प्रतिदिन भोजन कराया। हम विश्वास दिलाते है कि मंडळ का यह सेवा यज्ञ भविष्य में भी इसी तरह चलता रहेगा। उन्होंने इस आयोजन के लिए राज्यपाल और राजभवन का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए काले ने कहा कि आज यह एक ऐतिहासिक अवसर है कि महाराष्ट्र मंडळ सामाजिक संस्था को राजभवन में आमंत्रित किया गया है। महाराष्ट और गुजरात के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर यह विचार आदरणीय प्रधानमंत्री का है। सभी राज्यों के स्थापना दिवस राजभवन में आयोजित होने से एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाया का सुंदर संदेश लोगों तक पहुंच रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि लगभग 88 वर्षों का महाराष्ट्र मंडळ छत्तीसगढ़ में सामाजिक, संस्कृतिक और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रहा है। दिव्यांग बालिका गृह, संत ज्ञानेश्वर विद्यालय, कामकाजी वसति गृह, बाल वाचनालय यह 45 वर्षो पूर्व ही स्थापित किया गया। उस समय के सदस्यों की सोच को दर्शाता है कि भविष्य की ये जरूरत होगी।

रायपुर में किसी की दुर्घटना हो बीमार हो तो एक काल पर हास्पिटल बेड, एयर बेड, बैसाखी, व्हील चेयर उपलब्ध कराने में भी मंडळ पीछे नहीं रहता। रक्तदान के लिए मंडळ के सदस्य तत्पर रहते है। कोरोना काल में हमने 25 हजार फूड पेकेट्स बांटे। सेवाभारती संस्था की मदद से दो क्वारंटाइन सेंटर चलाये। कोरोना काम में लगभग 250 परिवार में दुःखद घटनाएं हुई उनके परिवार के जरूरतमंदों को सहायता बच्चों के शिक्षा में सहायता की। मंडळ के यह सेवा कार्य निरंतर जारी है।