दिव्य महाराष्ट्र मंडल

*'सियान सेवा महाकुंभ’ में महाराष्ट्र मंडल की होगी संगीतमय प्रस्‍तुतियां*

 0- इनडोर स्‍टेडियम में प्रसन्‍न निमोणकर, हेमंत मार्डीकर, प्रकाश मरकले, दिव्‍या पात्रीकर व भावेश कोठारी के सुमधुर स्‍वर में गाने सुनने का मिलेगा मौका 

 
रायपुर। अंतरराष्‍ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गुरुवार, एक अक्‍टूबर को सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्‍टेडियम में आयोजित ‘सियान सेवा महाकुंभ में महाराष्‍ट्र मंडल की वरिष्‍ठ प्रतिभाओं की एक से एक सुमधुर प्रस्‍तुतियां होंगी। इसके लिए बुधवार, शाम साढ़े पांच बजे से महाराष्‍ट्र मंडल के कई वरिष्‍ठ गायकों-गायिकाओं ने ऑडिशन दिए और उन्‍हें सलेक्‍टर्स की ओर से परफार्मेंस को लेकर सकारात्‍मक जवाब भी मिले।
 
समाज कल्‍याण विभाग की ओर से ‘सियान सेवा महाकुंभ’ में शामिल होने के लिए महाराष्‍ट्र मंडल को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इसकी बड़ी वजह छत्‍तीसगढ़ के पहले सियान गुड़ी का शुभारंभ महाराष्‍ट्र मंडल ने ही किया, माना जा सकता है। सियान गुड़ी का संचालन मंडल की ओर से आज भी बेहद अनुशासित व आदर्श तरीके से किया जा रहा है। महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने बताया कि ‘सियान सेवा महाकुंभ’ में महाराष्‍ट्र मंडल की ओर से करीब सौ वरिष्‍ठ नागरिक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। संभावना इस बात की भी है कि समाज कल्याण विभाग की ओर से अनुदानित व महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित प्रदेश के पहले सियान गुड़ी के वीडियो क्लिप भव्य कार्यक्रम में दिखाए जाए, जिसे प्रशासन ने मंडल से विशेष रूप से प्राप्त किया है।
 
इधर वरिष्‍ठ आजीवन सभासद व रंगसाधक प्रसन्‍न निमोणकर ने बताया कि महाराष्‍ट्र मंडल के प्रतिभाशाली सुरीले वरिष्‍ठ नागरिकों को इनडोर स्‍टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में गाने गाकर हजारों लोगों के बीच अपनी पहचान कायम करने का अवसर मिल रहा है। इसके लिए बकायदा ऑडिशन के माध्‍यम से मंडल के प्रसन्‍न निमोणकर सहित हेमंत मार्डीकर, प्रकाश मरकले, दिव्‍या पात्रीकर और भावेश कोठारी का चयन भी किया जा चुका है। 
 
बताते चलें छत्‍तीसगढ़ शासन के समाज कल्‍याण विभाग की ओर से इनडोर स्‍टेडियम में सुबह 11:30 बजे ‘सियान सेवा महाकुंभ’ का भव्‍य आयोजन किया जा रहा है। इसमें मुख्‍यमंत्री विष्‍णु देव साय मुख्‍य अतिथि होंगे, जबकि समाज कल्‍याण विभाग और बाल कल्‍याण विभाग मंत्री लक्ष्‍मी राजवाड़े कार्यक्रम की अध्‍यक्षता करेंगी। अति विशिष्‍ट अतिथियों की लंबी फेहरिस्‍त में मंत्रीगण केदार कश्‍यप, टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्‍मी वर्मा, विधायकगण सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू, इंद्रकुमार साहू, महापौर मीनल चौबे, लोकेश कावड़िया, गौरीशंकर श्रीवास, नवीन अग्रवाल प्रमुख हैं।