दिव्य महाराष्ट्र मंडल

पुष्‍पेंद्र के संबोधन कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरम पर, फाइनल बैठक 19 नवंबर को

0-पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में 21 नवंबर को शाम चार बजे ‘राष्‍ट्र के सामने चुनौतियां और उसका समाधान’ विषय पर कुलश्रेष्‍ठ का होगा प्रबोधन

रायपुर। राष्‍ट्रीय विचारक और प्रखर वक्‍ता पुष्‍पेंद्र कुलश्रेष्‍ठ के प्रबोधन कार्यक्रम को लेकर आयोजक समाजों महाराष्‍ट्र मंडल रायपुर, अग्रवाल सभा रायपुर, छत्‍तीसगढ़ सिविल सोसायटी, अग्रवाल दाऊ समाज रायपुर और गुजराती ब्रम्‍ह समाज रायपुर की ओर से प्रचार- प्रसार अब चरम पर पहुंच चुका है। रायपुर शहर के कई इलाकों में समाजसेवियों की ओर से होर्डिंग्‍स लगाए जा चुके हैं। अति विशिष्‍ट अतिथियों को निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया से लेकर वन टू वन फोन कॉल करने का दौर में अनेक कार्यकताओं के माध्‍यम से चल रहा है।

महाराष्‍ट्र मंडल परिसर में मंगलवार को देर शाम हुई बैठक में इस आशय की जानकारी सामने आई। मंडल के सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने बताया कि गुरुवार, 19 नवंबर को शाम सात बजे कुलश्रेष्‍ठ के कार्यक्रम को लेकर फाइनल व्‍यवस्‍थागत बैठक आहूत की गई है। इसमें सभी आयोजक समाजों के कार्यकर्ताओं को कोटेड आइडेंटिटी कार्ड दिए जाएंगे और आयोजन स्‍थल पर उन्‍हें उनकी जिम्‍मेदारी समझाई जाएगी। दंडवते ने कहा कि कार्यक्रम में पास जारी नहीं करने के कारण बैठक में अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होगी और शाम चार बजे से पहले आने वाले आगंतुकों को परेशानी न हो, इस पर अधिक जोर दिया जाएगा। 
 

बैठक में महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले, सचिव चेतन दंडवते, महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, छत्‍तीसगढ़ सिविल सोसायटी के अध्‍यक्ष डॉ. कुलदीप सोलंकी, डॉ. केसी अजमानी, विट्ठल थानवी, संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर, सियान गुड़ी प्रभारी प्रवीण क्षीरसागर, मराठा समाज के तुषार मराठे सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी आयोजकों ने टेलीफोनिक बातचीत में 19 नवंबर को आहूत की गई बैठक में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को साथ में लाने का भरोसा दिया है।