दिव्य महाराष्ट्र मंडल

आपके सकारात्मक विचार ही आपकी ‘गीता और रामायण’- अजय काले

- माई भारत के युवा पहुंचे महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित सियान गुड़ी

रायपुर। दो व्यक्ति आपस में एक रूपये का आदान-प्रदान करेंगे तो दोनों के साथ कुल संपत्ति एक रुपये ही रहेगी। लेकिन दो व्यक्ति आपस में विचारों का आदान-प्रदान करें तो दोनों के पास दो-दो विचार होंगे। ठीक इसी तरह हम यहां और छह अलग-अलग राज्यों से आए है। हमारे अपने विचार है, हम सभी इन विचारों को आपस में शेयर करेंगे तो सभी के पास विचारों की संख्या काफी अधिक होगी। अब इनमें से सिर्फ 50 सुविचारों को लिखकर रखें और अपने जीवन में उतारे। यहां 50 सकारात्मक विचार आपकी भागवत गीता और रामायण बनेंगे जो आपको आगे बढ़ने की प्रेरण देंगे। उक्ताशय के विचार महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने  माई भारत, रायपुर द्वारा आयोजित "वंदे मातरम् शिविर" के अंतर्गत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना तथा जम्मू-कश्मीर से आए युवाओं  से कहीं।

काले ने युवाओं को मोटीवेट करते हुए आगे कहा कि दो साल तक के बच्चों में सीखने की इच्छा सबसे अधिक होती है, क्योंकि वह सुनता है, और सुनता हैं इसलिए सीखता है। बढ़ती उम्र के साथ हम सुनना बंद कर देते है, इसलिए सीखना अपने आप बंद हो जाता है। आप कहीं जाए तो दो साल के बच्चे बनकर जाएं यानी सुनें ताकि कुछ सीख सके।  आप सभी यहां से जब अपने अपने घरों में लौट जाएंगे। तो आप महाराष्ट्र मंडल को एक पत्र जरुर लिखिएगा जिसमें आप अपने अनुभव के साथ अपने कुछ सकारात्मक विचार लिखें ताकि हमें यह पता चल सकें कि आप ने यहां से क्या सीखा।

बतादें कि माई भारत, रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित "वंदे मातरम् शिविर" के अंतर्गत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना तथा जम्मू-कश्मीर से आए सहभागी युवाओं को छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों के योगदान तथा ग्रामीण विरासत से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराने के लिए क्षेत्र भ्रमण (फील्ड विज़िट) का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर महाराष्ट्र मंडल के मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, डा. कमल वर्मा ने भी अपने विचार रखें।