सच बोलिए जोर से.. कौन सुनेगा चिंता मत कीजिएः पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ
2026-11-21 10:21 PM
260
0- कुलश्रेष्ठ का महत्वपूर्ण सुझाव- सनातनियों के उद्धार के लिए किया जाए मंदिरों के चढ़ावे का पैसा
रायपुर। अगर कोई नेता और पार्टी सच बोलने लगे, तो उन नेताओं को उनकी पत्नी का भी वोट नहीं मिलेगा। झूठ बोलना उनका अधिकार है। झूठ बोलेंगे तभी सत्ता में आएंगे, एन- केन प्रकारेण उन्हें चुनाव जीतना है, इसलिए वे झूठ सहारा लेते हैं और सत्ता में आने के बाद काम भी करते हैं। लेकिन राष्ट्र की जितनी भी संस्थाएं हैं, उन्हें एक डॉट के बराबर भी झूठ बोलने का अधिकार नहीं है। क्योंकि देश में सत्ता बदलती रहती है, जबकि राष्ट्र अखंड होता है। इसीलिए आपको हमेशा सच के साथ खड़े रहना है। सच बोलना है, जोर से सच बोलना है और इसकी चिंता नहीं करना है कि आपके सच को कोई सुन रहा है भी या नहीं।राष्ट्रीय विचारक और प्रख्यात वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने शनिवार शाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘राष्ट्र के सामने चुनौतियां और उसका समाधान’ पर संबोधित करते हुए उक्ताशय के विचार रखे।

महाराष्ट्र मंडल रायपुर, अग्रवाल सभा रायपुर, छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी, अग्रवाल दाऊ समाज रायपुर और गुजराती ब्रम्ह समाज के संयुक्त आयोजन को संबोधित करते हुए कुलश्रेष्ठ ने कहा कि मैं एक अभियान पर निकला हूं, जिसमें आप सभी की आवाज शामिल होनी चाहिए। वह अभियान है, देशभर के मंदिरों में चढ़ावे की लगभग 20 लाख करोड़ रुपये की धनराशि का उपयोग सनातनियों के हितार्थ खर्च किया जाना चाहिए। यह प्रबंधन मंदिर समितियों के माध्यम से ही होना चाहिए। इससे जरुरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा से लेकर बेटियों की शादी तक की व्यवस्था की जा सके। बेटियां पढ़-लिख गईं, तो सुप्त समाज अपने आप जाग जाएगा। जब सभी धर्म समान हैं और संविधान सबके लिए बराबर है, तो अन्य पंथों के पवित्र स्थलों में चढ़ावे के पैसे उनके काम आते हैं, तो मंदिरों का पैसा सनातनियों के काम क्यों नहीं आना चाहिए। जिस दिन मंदिरों का पैसा ईमानदार सनातनी हिंदुओं के हाथ में आएगा, मेरा दावा है कि हर हिंदू, चाहे वह ब्राह्मण हो, ठाकुर हो या बनिया, सभी के बेटियों की शादी या उसके परिवार के रोज़गार की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी।

नारी शक्ति की प्रशंसा करते हुए पुष्पेंद्र ने कहा कि सुंदरता की निशानी तैमूर की मां नहीं, शिवाजी महाराज की मां जीजाबाई है, रानी लक्ष्मी बाई है। मेरी आप सभी से विनती है कि बेटियों में वह भाव पैदा कीजिए। पता नहीं दुनिया में यह फिलासफी कहां से आई कि वंश पिता से चलता है, जबकि दुनिया का अगर एक शब्द का कोई सच है तो उसका नाम है मां। ‘वूमेन इज ए विकर’ यानी महिला कमजोर है, यह सोच पाश्चात्य देशों की कल्पना है। तो फिर पिताजी क्या है, पिताजी विश्वास है, लेकिन हमारे अंदर का पुरुष जानता है इसी से समाज चलेगा, यह गलत है और वह पुरुष अपने पुरुष ताकत के कारण महिला पर अत्याचार कर बैठता है।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष डा. कुलदीप सोलंकी ने कार्यक्रम के औचित्य के साथ महाराष्ट्र मंडल का परिचय दिया। महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ का परिचय दिया। सभी आयोजक समाजों के प्रमुखों समेत अन्य कई समाजों, संस्थाओं और समाजसेवियों ने पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ का जोशीला स्वागत किया। लगभग दो घंटे के प्रबोधन के बाद मंच पर समाज के पदाधिकारियों और वरिष्ठ अतिथियों में उनके साथ फोटो खिंचाने की होड़ सी मच गई। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में उपस्थित गणमान्य नागरिकों के कार्यक्रम का संचालन महाराष्ट्र मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने किया।