दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल के सौजन्य से हुआ... दिव्यांग बालिका का मंगल परिणय... नवदाम्पत्य जीवन की शुभकामनाओं के साथ हुई विदाई

रायपुर। दिव्यांग बालिका विकास गृह की युवती पुनिता मानिकपुरी की शादी शाहबाद (हरियाणा) निवासी पीपी कश्यप से महाराष्ट्र मंडल के सौजन्य से कराई गई और उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस मौके पर मंडल के अनेक पदाधिकारी, स्टाफ के सदस्य, आजीवन सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
 
मंडल के दिव्यांग बालिका विकास गृह की प्रभारी आस्था अभय काले ने बताया कि पुनिता मानिकपुरी सात सालों से यहां रहकर बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहीं थीं। इसके अलावा उन्होंने पुरानी बस्ती स्थित एक संस्था में स्वावलंबी बनने के लिए स्मृति चिह्न बनाने का काम सीखा और वहीं नौकरी भी कर रही थीं।
 
बैकुंठ (तिल्दा- नेवरा) निवासी मानिकपुरी परिवार ने अपनी बिटिया पुनिता मानिकपुरी का विवाह शाहाबाद में टेंट और इलेक्ट्रिक का काम करने वाले पीपी कश्यप के साथ तय किया। गुरुवार को पुनिता और पीपी की शादी वर- वधू के स्वजनों की उपस्थिति में टाटीबंध स्थित आर्य समाज मंदिर में हुई। 
 

महाराष्ट्र मंडल में बराती और घरातियों के भोजन की व्यवस्था की गई थी। तत्पश्चात शाम को दुल्हन पुनिता मानिकपुरी को उनके जीवन साथी पीपी कश्यप के साथ महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारियों ने विदा किया। इस मौके पर मंडल के सचिव चेतन दंडवते, दिव्यांग बालिका गृह की प्रभारी आस्था अभय काले, कामकाजी महिला वसति गृह और छात्रावास प्रभारी नमिता शेष, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी, मंडल की व्यवस्थापक नंदिनी नायडू, वार्डन रमा नाहरगढ़कर विशेष रूप से उपस्थित रहे।