मराठी सीखने में बढ़ रही लोगों की रूचि.... रायपुर ही नहीं पुणे और बर्मिंघम से शामिल हो रहे लोग
2023-08-09 10:52 AM
834
रायपुर। मराठी भाषा के ज्ञान को मराठी समाज में सुदृढ़ करने की योजना जब मंडळ के पदाधिकारियों ने उठाई तो यह सोचा नहीं था, कि रायपुर ही नहीं वरन विदेशों से लोग लोग जुड़कर मराठी सीखने में रूचि दिखाएंगे। मराठी स्पीकिंग क्लास की पहली बैच को मिले प्रतिसाद के बाद सिलसिला लगातार जारी है। बीते दिनों 7 अगस्त के क्लास की 15वीं बैच शुरू हुई। इस बैच में रायपुर ही नहीं पुणे और इंग्लैड के बर्मिंघम शहर से भी लोग आनलाइन जुड़कर मराठी सीख रहे है।
महाराष्ट्र मंडळ रायपुर की आजीवन सदस्य सौ.पद्मजा लाड ने बताया कि 88 वर्ष पुरानी संस्था महाराष्ट्र मंडळ रायपुर वर्षों से मराठी संस्कृति और मराठी भाषा की रक्षा करता रहा है। अनेक लोगों की मराठी भाषा सीखने की इच्छा पूर्ण करने के लिए वर्ष 2021 में "मराठी स्पिकिंग क्लास" आनलाइन मोड में शुरू किया। यह सभी आयु वर्ग, विविध क्षेत्र, रायपुर और रायपुर के बाहर के सभी लोगों के लिए लाभदायक और समाधानकारक सिद्ध हुआ है।
पद्मजा लाड ने बताया कि क्लास की 15वीं बैच को पहले दिन हिंदी और मराठी वर्णमाला का परिचय दिया गया । उन्हें वर्ण च , छ, ज, झ, ळ का मराठी भाषा में उच्चारण करने का अभ्यास करवाया गया है। ज्ञ वर्ण के हिन्दी और मराठी में उच्चारण करने की भिन्नता बताई गई। क्लास में रायपुर, पुणे और बर्मिंघम (England) से लोग आनलाइन मोड पर जुड़ रहे है।
लाड ने बताया कि शिक्षा, नौकरी, व्यवसाय इन सब क्षेत्रों के लोगों की सुविधा के लिए इस आनलाइन क्लास का समय रात 9 से 10 बजे तक रखा गया है। अधिक से अधिक लोग इस प्रकल्प का लाभ लेकर मराठी भाषा का विकास स्वयं एवं परिवार के लिए कर सकते हैं। क्लास से जुड़ने के लिए 9407701633, 9340805110 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।